रांची। झारखंड और बिहार के लोग दुनिया के जिस कोने में भी गए हैं।वहां छठ पर्व और अपने भारतीय संस्कार साथ लेकर गए हैं।यही वजह है कि छठ पर्व की तस्वीरें दुनिया के अलग-अलग कोने से सामने आ रही हैं।झारखंड और बिहार के लोगों ने बड़े हर्षोल्लास के साथ सात समुंदर पार आस्था का महापर्व छठ मनाया।ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में भारतीय समुदाय के लोगों ने बिहार झारखंड सभा ऑफ ऑस्ट्रेलिया एंड न्यूजीलैंड के बैनर तले करकरूक पार्क में स्थित झील में श्रद्धा और भक्ति के साथ रविवार की शाम और सोमवार की सुबह सूर्य को अर्घ्य दिया।





मेलबर्न में खराब मौसम के बीच छठव्रतियों ने दिया अर्घ्य





रविवार की शाम अर्घ्य के समय मेलबर्न का मौसम खराब हो गया था और तेज बारिश हुई।इस दौरान छठ घाट पर लोग छाता लेकर आए।छठव्रतियों और उनके परिवार के लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई।सुबह बारिश नहीं हुई,लेकिन तेज हवाएं चल रहीं थीं। करकरूक पार्क स्थित झील के किनारे श्रद्धालुओं की भीड़ थी।





रांची में पले-बढ़े सुरेंद्र चार साल से ऑस्ट्रेलिया में कर रहे छठ





झारखंड की राजधानी रांची में पले-बढ़े सुरेंद्र कुमार मूल रूप से बिहार के जहानाबाद जिले के रहने वाले हैं।सुरेंद्र इन दिनों मेलबर्न में अपने परिवार के साथ रह रहे हैं।सुरेंद्र और उनकी पत्नी ने वर्ष 2019 में छठ पूजा करना शुरू किया।सुरेंद्र ने बताया कि उनकी पत्नी पूजा बेगूसराय (बिहार) के बीहट की रहने वाली हैं।उनकी दादी छठ पूजा करती थीं।ऑस्ट्रेलिया आने के बाद गांव जाने का मौका नहीं मिल रहा था। फलस्वरूप वे छठ को काफी मिस करने लगे।





करकरूक पार्क में सुबह चल रहीं थीं तेज हवाएं





सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मेलबर्न के सांसद हर साल छठ पूजा पर विशेष अतिथि होते हैं।इस बार भी इस अवसर पर सांसद उपस्थित थे।सुरेंद्र कुमार ने बताया कि छठ घाट पर आए पुरुषों में से ज्यादातर ने धोती-कुर्ता और कुर्ता-पायजामा पहन रखा था। महिलाओं ने पारंपरिक साड़ी में भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया।सुबह तेज हवाओं के बीच श्रद्धालु सिर पर दउरा लेकर करकरूक पार्क में स्थित झील के तट पर पहुंचे।





मालिनी अवस्थी के साथ व्रतियों ने गाए छठ गीत





सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि झील के किनारे पर बिजली की व्यवस्था की ग‌ई थी।लोग दूर न जा सकें इसके लिए पानी में बैरिकेडिंग कर दी गयी थी।सैकड़ों लोग छठ पूजा देखने के लिए इस झील के किनारे पहुंचे थे।सुरेंद्र कुमार ने बताया कि छठ घाट पर भारत की मशहूर लोक गायिका मालिनी अवस्थी भी थीं। उनके साथ महिलाओं ने छठ गीत गाए।इसके बाद सोमवार की शाम मालिनी अवस्थी ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया।





10 भारतीयों ने इस बार किया है छठ





आपको बता दें कि इस वर्ष ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में 10 भारतीयों ने छठ पूजन किया।छठ पूजा करने में रूपा, स्मिता, अंजू कुमारी, सुप्रिया,सुरिंदर, नूतन कुमारी, शक्ति, स्मृता, गुंजन, स्नेह और अमित शामिल हैं।मेलबर्न के करकरूक पार्क में चार साल से छठ पूजा हो रही है।