सामान्य प्रेक्षक आलोक कुमार सिंह की उपस्थिति में बेंगाबाद व गांडेय प्रखंड में मतदाता जागरूकता अभियान
इस दौरान उन्होंने वोटर इनफॉर्मेशन स्लिप (मतदाता पर्ची) का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया
मतदान केंद्रों पर स्वच्छ शौचालय व पेयजल पर विशेष ध्यान देने और आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय में निर्वाचन कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया
पूसू प्रतिनिधि,गिरिडीह।लोकसभा आम निर्वाचन व गांडेय विधानसभा उपचुनाव 2024 के निमित्त शुक्रवार को सामान्य प्रेक्षक आलोक कुमार सिंह ने निर्वाचन को लेकर किए जा रहे तैयारियों का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में शुक्रवार को सामान्य प्रेक्षक आलोक कुमार सिंह बेंगाबाद व गांडेय प्रखंड पहुंचे थे। जहां निर्वाचन को लेकर किए जा रहे तैयारियों का अवलोकन किया। इस दौरान सामान्य प्रेक्षक की उपस्थिति में बेंगाबाद व गांडेय प्रखंड में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। जहां मतदाता जागरूकता अभियान के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने का प्रयास किया गया। साथ ही सामान्य प्रेक्षक ने स्कूली बच्चों,फ्यूचर वोटर्स के साथ मतदान के महत्व व निर्वाचन प्रणाली को लेकर बात की तथा बच्चों को निर्वाचन संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई।इस दौरान बच्चों को मतदान की तिथि, ईवीएम वीवीपीएटी,बीयू,सीयू,मॉकपोल आदि के संबंध में जानकारी दी गई।मतदाता जागरूकता अभियान के माध्यम से बच्चों को लोकतंत्र के महापर्व,वोटर हेल्पलाइन ऐप,1950, सी-विजिल, सुविधा ऐप, निर्वाचन प्रणाली संबंधित जानकारियां उपलब्ध कराई गई।
निरीक्षण के क्रम में सामान्य प्रेक्षक के द्वारा गिरिडीह, बेंगाबाद तथा गांडेय प्रखंड के मतदान केंद्रों, क्लस्टर में बहाल बुनियादी सुविधाओं का अवलोकन किया गया तथा हरेक मतदान केंद्र, पोलिंग स्टेशन तथा क्लस्टर में मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाता जागरूकता समूह की बैठक करने, मतदान केंद्रों पर स्वच्छ शौचालय व पेयजल पर विशेष ध्यान देने और आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय में निर्वाचन कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने बीएलओ के साथ बैठक कर निर्वाचन संबंधित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। इसके अलावा उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों,बीएलओ को शत प्रतिशत मतदाता पर्ची वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के तहत कोडरमा लोकसभा का मतदान 20 मई तथा गिरिडीह लोकसभा चुनाव का मतदान 25 मई को होना है। इसके साथ ही गांडेय विधानसभा उपचुनाव की मतदान तिथि 20 मई है। इसी के निमित्त सभी आवश्यक तैयारियां को सुदृढ़ किया गया है। ताकि अधिकाधिक संख्या में मतदाताओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक व प्रोत्साहित किया जा सके।





