प्रतिनिधि,साहिबगंज। जिले में फाइलेरिया उन्मूलन हेतु एमडीए (मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) कार्यक्रम का आज शुक्रवार से शुभारंभ हो गया।आज उपायुक्त राम निवास यादव ने तालझारी प्रखंड के सकरभंगा गांव से एमडीए कार्यक्रम की शुरुआत की। यह एमडीए कार्यक्रम आज 10 फरवरी से शुरू होकर 25 फरवरी तक चलाया जाएगा। कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्यकर्मी घर - घर जाकर फाइलेरिया की दवा खिलाएंगे, साथ ही यह दवा सभी सरकारी अस्पतालों पर मुफ्त भी उपलब्ध है।
बताते चलें कि इस साल जिले में फाइलेरिया उन्मूलन के तहत 294345 लोगों को इसकी दवा खिलाई जाएगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल 1778 बूथों और 2621576 घरों में दवाई देने का लक्ष्य रखा गया है। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिलेवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर रोग है, जिसका बचाव पहले से ही संभव है। एक बार फाइलेरिया हो जाने के बाद इसका कोई इलाज नहीं होता, इसलिए इसके प्रति अत्यधिक सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
उपायुक्त ने बताया कि फाइलेरिया रोग मच्छर के काटने से होता है, जिसे आम भाषा में हाथी पांव के नाम से भी जाना जाता है। इससे शरीर के कई अंगों में सूजन होता है, साथ ही इससे मृत्यु की संभावना भी रहती है। उन्होंने कहा कि जिले में शुरू हो रहे एमडीए कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य कर्मी आपके घर जाकर डीईसी एवं एल्बेंडाजोल की दवा खिलाएंगे, जो फाइलेरिया से आप को बचाएगा। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया की दवा के प्रति कई भ्रांतियां फैली हुई है।आप सभी ऐसी किसी भी भ्रांति या अफवाह पर ध्यान ना दें एवं स्वास्थ्य कर्मी द्वारा खिलाई जा रहे इन दवाओं का सेवन अवश्य करें। इसके अलावा अपने सगे- संबंधियों एवं परिवारजनों को भी निश्चित तौर से यह दवा खाने के लिए प्रेरित करें। आगे उन्होंने कहा कि अगर हम सभी ठान लें कि हमारे जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाना है, तो निश्चित रूप से साहिबगंज फाइलेरिया मुक्त हो जाएगा। उपायुक्त ने गांव के मुखिया एवं प्रधान से भी कहा कि वह भी अपनी ओर से लोगों को फाइलेरिया की दवा खाने के लिए प्रेरित करें और फाइलेरिया से बचाव के लिए जागरूक करें।
उद्घाटन कार्यक्रम के मौके पर सिविल सर्जन सह मलेरिया पदाधिकारी डॉ. मोहन पासवान ने भी लोगों को मलेरिया के विषय में महत्वपूर्ण जानकारियां दी। इस रोग से बचाव के उपाय बताए साथ ही इसके लक्षणों के विषय में सभी लोगों को अवगत कराया।
अवसर पर उपायुक्त के अलावे सिविल सर्जन डॉ रामदेव पासवान, मलेरिया पदाधिकारी डॉ. मोहन पासवान, गांव की मुखिया, एमओआईसी तालझारी रंजन कुमार, एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट विशाल पांडे, मलेरिया सलाहकार डॉ. सती बाबू एवं अन्य उपस्थित थे।





