सिद्धार्थनगर।उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में शनिवार की देर रात दिल दहलाने वाला बड़ा सड़क हादसा हुआ।एक ही परिवार के लोग शादी समारोह से बोलोरो में सवार होकर लौट रहे थे।हाईवे पर बोलेरो अनियंत्रित होने से खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी।हादसे में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मिली जानकारी के अनुसार शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के महला गांव से शनिवार को बांसी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बारात गई थी।शादी संपन्न होने बाद देर रात बारात वापस लौट रही थी।जोगिया कोतवाली क्षेत्र के एनएच 28 काले नमक ढाबे के पास पहुंचते ही सड़क के किनारे खराब खड़े ट्रेलर में पीछे से बोलेरो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी की बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।हादसे की सूचना पर जोगिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया,जहां 8 लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बोलोरो में 11 लोग सवार थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सड़क हादसे को लेकर शोक व्यक्त किया है।पीएमओ द्वारा किए गए ट्वीट में लिखा है कि उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में हुआ सड़क हादसा अत्यंत पीड़ादायक है।मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए पीएम मोदी ने PMNRF फंड से 2-2 लाख रूपए का देने की घोषणा की है।वहीं प्रत्येक घायलों को 50 हजार रूपए देने की घोषणा हुई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सड़क हादसे पर शोक व्यक्त किया है।उन्होंने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश भी दिए हैं।सीएम कार्यालय द्वारा किए गए ट्वीट में लिखा है कि सीएम ने सिद्धार्थनगर में हुए सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है।उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराए जाने के निर्देश दिए हैं।





