अयोध्या।रामनगरी में रामलला के मंदिर निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है।राममंदिर के निर्माण के लिए आज ऐतिहासिक दिन है।मंदिर निर्माण अब दूसरे चरण में प्रवेश कर चुका है।बुधवार को मंदिर के निमित्त गर्भगृह का शिला पूजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत तरीके से गर्भगृह में पहला पत्थर स्थापित किया।





आक्रांताओं के खिलाफ भारत की जीत





सीएम योगी ने कहा कि 500 सालों की संघर्षपूर्ण साधना थी, यह साकार और मूर्त रूप लेती दिख रही है। हर हिन्दुस्तानी के लिए इससे बढ़कर गौरव की अनुभूति का क्षण क्या हो सकता है। जिन आक्रांताओं ने हमारी आस्था पर प्रहार करते हुए भारत के सपनों को चकनाचूर करने की मानसिकता के साथ नापाक इरादों से भारत की आस्था पर प्रहार किया था, अंत में भारत की जीत हुई है। सत्यमेव जयते के इस नारे ने एक बार, धर्मो रक्षति रक्षितः, यतो धर्मस्ततो जयः के इस घोष ने एक बार फिर अपनी सार्थकता को साबित किया है।





धर्म, सत्य और न्याय के रास्ते पर जीत





सीएम योगी ने कहा कि मंदिर निर्माण पूज्य संतों का संघर्ष श्रद्धेय, अशोक सिंघल जी जैसे संत, आरएसएस, और विचार परिवार से जुड़े हुए उन लाखों कार्यकर्ताओं का जो पुरुषार्थ था वह आज साकार रूप लेता दिख रहा है। सचमुच आज का दिन हम सबको अभिभूत करता है। नई प्रेरणा देता है कि हम सदैव धर्म, सत्य और न्याय के रास्ते पर बढ़ेंगे तो विजय होने से कोई नहीं रोक सकता है।





500 साल की तपस्या हुई पूरी





सीएम योगी ने कहा कि आज से दो साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भगवान श्रीराम के मंदिर के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी थी।पौने दो साल में मंदिर निर्माण कार्य जिस रफ्तार से आगे बढ़ा है।आज उसमें एक और महत्वपूर्ण कड़ी और जुड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि 500 साल की तपस्या पूरी हो चुकी है, राममंदिर भारत का राष्ट्र मंदिर होगा, इस मंदिर का निर्माण पूरी भव्यता के साथ किया जाएगा।





राम मंदिर भारत का राष्ट्र मंदिर होगा





सीएम योगी ने कहा कि पिछले 500 साल से देश के साधु-संत राम मंदिर को लेकर आंदोलन को चला रहे थे,आज उन सभी लोगों के दिल को खुशी मिली होगी,गर्भगृह का पहला पत्थर रख दिया है।अब मंदिर का निर्माण तेजी से होगा।गोरक्षनाथ पीठ की तीन पीढ़ी इस मंदिर आंदोलन से जुड़ी हुई थी।उन्होंने कहा कि आज से शिलाओं के रखने का काम तेजी से शुरू हो जाएगा।उन्होंने कहा कि सैकड़ों वर्षों की जो भारत की आस्था जिस पवित्र काम के लिए तरस रही थी,वह दिन बहुत दूर नहीं, जब मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का मंदिर अयोध्या में बनकर देश-दुनिया के सभी सनातन धर्मावलंबियों की आस्था का प्रतीक बनेगा ही।रामजन्मभूमि मंदिर भारत का राष्ट्र मंदिर होगा।भारत की आस्था को सम्मान देने के साथ भारत के एकात्मता का प्रतीक होगा।





हिंदू जनमानस की थी तड़पन





सीएम योगी ने आगे कहा कि शिलापूजन के कार्यक्रम का सौभाग्य हम लोगों को मिला है इसके लिए मैं न्यास के सभी पदाधिकारियों को धन्यवाद देता हूं। निर्माण कार्य से जुड़ी संस्थाओं ने पौने दो साल में बहुत तेजी से काम किया है। पीएम मोदी जी के मार्गदर्शन में उनके करकमलों से जिस काम का शुभारंभ हुआ है वह तय समय से बढ़ेगा। अयोध्या में 500 सालों से हिंदू जनमानष की एक तड़पन थी वह बहुत शीघ्र मूर्त रूप लेता दिख रहा है।





2023 तक गर्भगृह का निर्माण कार्य हो जाएगा पूर्ण





आपको बता दें कि आज बुधवार सुबह 9 बजे से नक्काशी दार पत्थरों से रामलला के गर्भगृह का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। पहले पत्थर के स्थापित होने के बाद साल 2023 दिसंबर तक गर्भगृह का कार्य पूरा हो जाएगा।