रांची।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज राजधानी रांची स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के जोनल ऑफिस नहीं जाएंगे। सीएम सचिवालय ने ये जानकारी दी।सीएम सचिवालय ने बताया कि सीएम तीन नवंबर को रायपुर में आयोजित आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होंगे।बरहाल ईडी का कहना है कि सीएम की तरफ से एजेंसी के साथ कोई पत्राचार नहीं किया गया है। बता दें कि दो नवंबर को ये खबर आई कि ईडी ने मनी लाउंड्रिंग और अवैध खनन मामले में सीएम सोरेन को पूछताछ के लिए समन किया है। सीएम को तीन नवंबर को दिन के 11:30 बजे बुलाया गया था।
सीएम सोरेन की ईडी के समन पर प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ईडी द्वारा समन किए जाने को लेकर कल साहिबगंज में जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा था। सीएम ने कहा था कि विपक्ष के अनुरोध पर ही झारखंड में ईडी की जांच चल रही है।विपक्ष के अनुरोध पर ही समन जारी किया गया है। वे ईडी की ताकत दिखाना चाहते हैं। दिखाना चाहते हैं कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी को समन किया जा सकता है तो एक मुख्यमंत्री को क्यों नहीं पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।सीएम ने कहा कि यदि विपक्ष को लगता है कि वे षड्यंत्र करके मेरी पहचान या छवि धूमिल कर लेंगे तो ये उनकी गलतफहमी है। भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों को दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए सीएम ने कहा कि वे षड्यंत्र कर रहे हैं। महामहिम बीते 2-3 महीने से एटम बम का लिफाफा लिए बैठे हैं।
सत्तापक्ष और विपक्ष में जमकर हुई बयानबाजी
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने भी इसे बदले की राजनीति करार दिया।उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी के नेताओं की छवि धूमिल करने के लिए ऐसा कुत्सित षड्यंत्र किया जा रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि भाजपा चुनाव में मात खाने के बाद चोर दरवाजे से सत्ता पाना चाहती है जो कभी सफल नहीं होगा। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि सीएम को नैतिक आधार पर इस्तीफा देकर ईडी का सामना करना चाहिए। पूर्व सीएम रघुवर दास ने कहा कि मैंने फरवरी में ही सारे तथ्यों को सबूत के साथ रखा था।
ईडी ने सीएम सोरेन को समन क्यों जारी किया
आपको बता दें कि झारखंड में बीते मई महीने से ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई चल रही है।मनरेगा घोटाले से शुरू हुई जांच अब अवैध खनन और मनी लाउंड्रिंग तक जा पहुंची है। अवैध खनन और मनी लाउंड्रिंग केस में गिरफ्तार पंकज मिश्रा से मिले कुछ सुरागों की वजह से ईडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को समन किया है।ईडी ने कुछ दिन पहले पीएमएलए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल किया था। चार्जशीट में इस बात का जिक्र था कि पंकज मिश्रा के आवास पर छापेमारी में ईडी को लिफाफे में सीएम हेमंत सोरेन के बैंक खाते से जुड़ा चेकबुक मिला था। दो चेक में साइन भी था। हाल में ईडी को पता चला कि पंकज मिश्रा न्यायिक हिरासत में भी फोन के जरिए वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में था और लोगों को हड़काने के लिए सीएम के नाम का इस्तेमाल करता था।





