सीएम सोरेन के कार्यक्रम को लेकर दोनों जिले के डीसी ने विभिन्न स्थलों का किया निरीक्षण,पदाधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश





डीबीएमएस स्कूल में सीएम करेंगे बैठक,हटेगा कदमा बाजार के पीछे से पूरा अतिक्रमण





प्रतिनिधि,जमशेदपुर।खतियानी जोहार यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का 30-31 जनवरी को पूर्वी सिंहभूम जिला जमशेदपुर शहर में प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारी प्रशासनिक स्तर पर तेज कर दी गई है।जिसके तहत मुख्यमंत्री का 30 जनवरी की देर शाम जमशेदपुर में आगमन होगा। जबकि 31 जनवरी को खतियानी जोहार यात्रा के साथ-साथ पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला जिले के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी प्रस्तावित है। जिसके मद्देनजर उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम विजया जाधव और उपायुक्त सरायकेला खरसांवा अरवा राजकमल ने बिस्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल, डीबीएमएस, कदमा में पदाधिकारियों के साथ बैठक स्थल, शहीद निर्मल महतो समाधि स्थल का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया।वहीं गोपाल मैदान में मौजूद घाटशिला विधायक रामदास सोरेन से कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर दोनों जिले के उपायुक्त से चर्चा भी की।





इस मौके पर एडीएम लॉ एंड ऑर्डर नंदकिशोर लाल, डीटीओ दिनेश रंजन, एसडीओ घाटशिला सत्यवीर रजक, एसडीओ सरायकेला समेत अन्य मौजूद रहे। वहीं बिस्टुपुर गोपाल मैदान और कदमा डीबीएमएस स्कूल के निरीक्षण के क्रम में विधि व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। विधि-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न हो इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिया गया। सभा एवं बैठक स्थल पर वाहनों की पार्किंग, शहर में यातायात व्यवस्था सुगम बनाने समेत किसी तरह का व्यवधान न हो, इसे लेकर अधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिए गए। जगह-जगह पर सुरक्षा बलों की तैनाती, बैरिकेडिंग लगाने, सभा स्थल पर पुलिस बल की तैनाती करने व सुरक्षा की दृष्टि से अन्य संबंधित कार्य की समीक्षा भी की गई।





निरीक्षण के दौरान डीसी विजया जाधव ने कदमा बाजार के पीछे दुकानदारों द्वारा मुख्य सड़क समेत अन्य जगहों पर किए गए अतिक्रमण को भी देखा। जिसके बाद टाटा स्टील यूआईएसएल के सीनियर जीएम कैप्टन धनंजय मिश्रा, टाटा स्टील के अधिकारी समेत अन्य पदाधिकारियों को अतिक्रमण हटाने का निर्देश भी दिया। जिसको लेकर जमशेदपुर अक्षेस विभाग ने माइकिंग के जरिए दुकानदारों को शनिवार की सुबह 10 बजे तक स्वत: अपना अतिक्रमण हटा लेने की चेतावनी भी दी। जबकि नहीं हटाने पर अभियान के दौरान सामान जप्त करने, नुकसान होने और अतिक्रमण हटाने का जुर्माना भी दुकानदारों से लेने की बात कही। जिसके बाद दुकानदारों ने अपने-अपने सामानों का समेटना शुरू कर दिया। ‌ जिला प्रशासन द्वारा शनिवार की सुबह 10 बजे से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया जाएगा। इस दौरान डीबीएमएस स्कूल से लेकर फार्म एरिया रोड नंबर 8 तक अवैध रूप से लगे सभी दुकानों हटाया जाएगा।