रांची।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रवर्तन निदेशालय ने फिर से समन जारी किया है।ईडी ने सीएम सोरेन को 17 नवंबर को राजधानी रांची के ऑफिस में पेश होने के लिए समन जारी किया है।ईडी ने सीएम सोरेन को मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध खनन के मामले में पहले भी समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया था।ईडी ने सीएम सोरेन को 3 नवंबर को पेश होने के लिए कहा था,लेकिन वे ईडी ऑफिस नहीं पहुंचे थे।सीएम कार्यालय की ओर से बताया गया था कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक सीएम को रायपुर में आदिवासी नृत्य महोत्सव में हिस्सा लेना है इसलिए वे ईडी ऑफिस नहीं आ सकेंगे।





पहले समन के बाद सीएम सोरेन ने ईडी को लिखा था पत्र





ईडी ने सीएम सोरेन को 3 नवंबर को पेश होने के लिए समन जारी किया था।इसके बाद सीएम सोरेन ने ईडी को एक पत्र लिखा था। सीएम सोरेन ने ईडी से 3 हफ्ते का समय मांगा था। सीएम सोरेन ने पत्र में लिखा था कि उनके कुछ पूर्व निर्धारित कार्यक्रम हैं, उन्हें लेकर व्यस्तता है। इसलिए उन्हें 3 हफ्ते का समय चाहिए।





समन क्यों, सीधा गिरफ्तार कर लीजिए





सीएम सोरेन ने पहले समन के बाद रायपुर में मीडिया के जरिए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा था।सीएम सोरेन ने कहा था कि यदि हमने इतना ही संगीन गुनाह किया है तो समन क्यों, सीधा गिरफ्तार कीजिए।क्या आपको लगता है कि हम कोई चोर-उचक्का हैं,क्या हम हत्यारे हैं।समन की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए सीएम सोरेन ने कहा था कि ऐसा कहां होता है कि कल समन दिया और आज पहुंच गए। हमारी भी व्यस्तता है। पहले से कई कार्यक्रम निर्धारित हैं। इस नृत्य महोत्सव में हिस्सा लेने का आमंत्रण मुझे पहले ही मिला था। मैंने सहमति दी थी।हर चीज का एक शिष्टाचार होता है, व्यावहारिक आचरण होता है।भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है।





ईडी ने इस मामले में सीएम सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा,स्थानीय बाहुबली बच्चू यादव और प्रेम प्रकाश को गिरफ्तार किया है।ईडी ने कहा है कि उसने राज्य में अवैध खनन से जुड़ी अब तक 1,000 करोड़ रुपए से अधिक की अपराध की आय की पहचान की है।





आपको बताते चलें कि अवैध खनन मामले में घिरे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सोमवार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली थी। सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड हाई कोर्ट के फैसले को रद्द कर दिया था। हाई कोर्ट ने अवैध खनन केस में सीएम सोरेन के खिलाफ जांच को लेकर दायर जनहित याचिका को सुनवाई के योग्य माना था। सुप्रीम कोर्ट से राहत के बाद सीएम सोरेन ने ट्वीट करते हुए सत्यमेव जयते लिखा था।सुप्रीम कोर्ट ने खनन पट्टा मामले की जांच संबंधी जनहित याचिकाओं को सुनवाई योग्य बताने वाले हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ दायर सीएम सोरेन और राज्य सरकार की याचिकाओं को सोमवार को स्वीकार कर लिया था।