देवघर।झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार बाबा नगरी देवघर में थे।सीएम ने रोजगार सृजन योजना के तहत 779 लाभुकों के बीच 4.58 करोड़ का ऋण वितरित किया।सीएम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अफसरों को कड़ी चेतावनी दी और कहा कि अगर कोई बुजुर्गों को पेंशन नहीं देता है तो नौकरी पर नहीं रहेंगे।





सीएम हेमंत सोरेन ने देवघर एयरपोर्ट का भी जिक्र करते हुए कहा यह इंटरनेशनल एयरपोर्ट है।जल्द ही इसका उद्घाटन होगा।यहां भारत ही नहीं, विदेशों से भी हवाई जहाज उतरेंगे और इससे आमदनी बढ़ेगी।इस एयरपोर्ट का मालिक केंद्र सरकार है,लेकिन इसमें झारखंड के लोग मजदूरी करेंगे,क्योंकि 10 साल तक इसके रख-रखाव और सुरक्षा का जो भी खर्चा होगा, राज्य सरकार को वहन करना है। उन्होंने कहा कि हम केंद्र सरकार से अनुरोध करते हैं कि झारखंड गरीब राज्य है। इस एयरपोर्ट के 10 साल तक के संचालन के खर्च का जो बोझ राज्य सरकार पर डाला जा रहा है, उसे कम किया जाए ताकि बचे पैसे का इस्तेमाल गरीबों के कल्याण में हो सके।





सीएम सोरेन ने कहा कि काफी संघर्ष के बाद राज्य में झारखंडियों की सरकार बनी है।जब सरकार में आये तो देखा खजाना पूरा खाली था।कोरोना से निपटने के बाद बहुत ही मुश्किल से राज्य को विकास की ओर ले जा रहे हैं,लेकिन विपक्षियों को ये बात खटकने लगी है।इसलिए संवैधानिक एजेंसियों को पीछे लगा रखा है। उन्होंने कहा कि कितना भी परेशान कर लें सरकार अपना काम करती रहेगी।





सीएम सोरेन ने कहा कि अब अपने ही किए पाप को संवैधानिक एजेंसियों से ढूंढ़वा रहे हैं। 20 सालों में राज करने वालों ने राज्य को खोखला कर दिया है।अब बहुत मुश्किल से राज्य को पटरी पर लाये हैं तो बहुतों को दर्द हो रहा है,बहुत ही मुश्किल से लड़कर, संघर्ष करके झारखंडियों की सरकार बनी है।





सीएम सोरेन ने कहा कि हमारा राज्य खनिज संपदा से भरा पड़ा है, लेकिन फिर भी विकास क्यों नहीं कर रहा है।पता किया तो पता चला कि राज्य का एक लाख 36 हजार करोड़ बकाया केंद्र पर है।हमने पत्राचार किया तो अब बंद दरवाजा थोड़ा खुला है।सारे पैसे लेकर रहेंगे।





सीएम सोरेन ने कहा कि कोरोना के कारण दो साल से श्रावणी मेला नहीं लगा था। लंबे अर्से बाद इस बार श्रावणी मेला लगेगा।बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना करेंगे कि इस बार अन्य वर्षों की अपेक्षा अधिक से अधिक लोग बाबा की पूजा करने यहां आए। कोविड का संक्रमण अभी थमा नहीं है।कई बड़े शहरों व विदेशों में नये रूप में कोरोना फैल रहा है।इसलिए सभी को सावधानी बरतने की जरूरत है।