रांची।झारखंड की खनन सचिव आईएएस पूजा सिंघल की गिरफ्तारी को लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इस मामले पर जो भी कानूनी कार्रवाई होगी उस पर सरकार विचार करेगी।पूजा सिंघल को लेकर लगातार सरकार और सीएम सोरेन पर भाजपा के हमले को लेकर सीएम ने पलटवार भी किया।
सीएम सोरेन ने चोर मचाए शोर का मुहावरा बोलते हुए कहा कि बीस साल तक भाजपा ने सरकार चलाई। तब कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई।उस समय कोई जांच नहीं हुई।अब सभी चीजों को देखा जाएगा। सीएम सोरेन ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि पूजा सिंघल को पहले क्लीन चिट दी गई थी।ये क्लीन चिट किसने दी थी।
सीएम सोरेन ने कहा कि जब तक कुर्सी पर थे,तब तक कुछ नहीं दिखा।अब सत्ता से बाहर हैं तो सबकुछ दिख रहा है।अगर ये सब कार्रवाई पहले हो जाती तो आज ये नौबत ही नहीं आती। भाजपा को झूठ बोलना, बरगलाना खूब आता है। इन लोगों को अपनी सरकार के काम को देखना चाहिए,कम से कम आईना देखना चाहिए।अपने गड़े हुए मुर्दे उखाड़ने में लगे हैं।अगर ये बात पहले हो जाती तो राज्य की ये दुर्दशा नहीं होती।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा तो हल्ला पार्टी है उनका काम है झूठ बोलना। अब तो भाजपा को अपने ही सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाना चाहिए। सीएम सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार के ढाई वर्षों का कार्यकाल सबने देखा होगा। कोरोना मैनेजमेंट से लेकर रिसोर्सेज को बढ़ाना, राज्य में शिक्षा से लेकर ग्रामीण विकास, रोजगार की बात हो। भाजपा ने 20 साल में कितने जेपीएससी की परीक्षा करवाई।





