गिरीडीह।झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज बुधवार गिरिडीह आ रहे हैं।सीएम सोरेन गिरिडीह के झंडा मैदान में झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी आपकी योजना,आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।इस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारी की गई है। झंडा मैदान में जहां भव्य पंडाल बनाया गया है, वहीं मैदान परिसर में स्टॉल बनाए गए हैं।कार्यक्रम में एक हजार करोड़ की परिसंपत्तियों का वितरण एवं योजनाओं का शिलान्यास तथा उद्घाटन होगा।





61 योजनाओं का होगा ऑनलाइन शिलान्यास एवं उद्घाटन





सीएम सोरेन बुधवार दोपहर 12.30 बजे गिरिडीह के हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे और यहा से सीधे झंडा मैदान पहुंचेंगे।झंडा मैदान से लगभग एक हजार करोड़ की परिसंपतियों का वितरण समेत 61 योजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास और उदघाटन करेंगे।सीएम सोरेन के अलावा ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, श्रम एवं नियोजन विभाग मंत्री सत्यानंद भोक्ता, शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग मंत्री हफीजुल हसन, गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार, गांडेय विधायक डाॅ सरफराज अहमद भी मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे।इसके अलावा जिले के सांसद और विधायकों के भी उपस्थित रहने की बात कही गयी है।





अंतिम चरण में जिला प्रशासन की तैयारी





सीएम सोरेन के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा अपने-अपने स्तर से तैयारी की गयी है।एक ओर जहां गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू और गांडेय विधायक डाॅ सरफराज अहमद, जिला बीस सूत्री क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष संजय सिंह पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मंगलवार को बैठक कर तैयारी की समीक्षा की।वहीं दूसरी ओर डीसी नमन प्रियेश लकड़ा और एसपी अमित रेणु निरंतर कार्यक्रम स्थल, परिसदन भवन और हवाई अड्डा का निरीक्षण किया। झंडा मैदान में मंगलवार की दोपहर को गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू व गांडेय विधायक डाॅ सरफराज अहमद ने डीसी लकड़ा और एसपी रेणु से तैयारी के बाबत पूरी जानकारी हासिल की।





कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की कोशिश





इस संबंध में गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों एक हजार करोड़ की परिसंपत्तियों का वितरण व योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन होना है। उन्होंने कहा कि गिरिडीह की धरती से आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का शुभारंभ होने जा रहा है।इसको लेकर व्यापक तैयारी की गयी है।लाभुकों के बीच सरकारी योजनाओं की परिसंपत्तियों का वितरण होगा। राज्य सरकार के इस कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए झामुमो सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगी।इस कार्यक्रम में समस्या से संबंधित आने वाले आवेदनों का शत-प्रतिशत हल करने का प्रयास होगा।





होर्डिंग-बैनर से पटा गिरिडीह शहर





सीएम सोरेन के कार्यक्रम को लेकर गिरिडीह शहर को होर्डिंग बैनर से पाट दिया गया है। इसमें राज्य सरकार की उपलब्धियां और योजनाओं को अंकित किया गया है।शहरी क्षेत्र के झंडा मैदान, कचहरी चौक, बस स्टैंड, व्हीटी बाजार रोड, भंडारीडीह, बोड़ो समेत अन्य मुख्य मार्गों के किनारे बड़े-बड़े होर्डिंग लगाया ग‌ए है।झंडा मैदान में लोगों के बैठने के लिए पांच हजार कुर्सियां लगायी गई है।वहीं जरूरत के मुताबिक अन्य कुर्सियों की व्यवस्था भी की गई है।





नगर भवन में झामुमो कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे सीएम





झारखंड मुक्ति मोर्चा जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि झंडा मैदान में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगभग तीन बजे नगर भवन आएंगे।यहां पर वह कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और साथ ही उन्हें संबोधित करेंगे।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उनके स्वागत में शहरी क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों में पार्टी का झंडा बैनर लगाया गया है। मुख्यमंत्री से मिलने और उन्हें सुनने को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है।मुख्यमंत्री गिरिडीह जिले को विशेष सौगात देंगे।





चाक-चौबंद है सुरक्षा व्यवस्था





गिरिडीह के डीसी नमन प्रियेश लकड़ा और एसपी अमित रेणु मंगलवार की शाम को झंडा मैदान में अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिया। डीसी ने जिले के पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई निर्देश दिए।सुरक्षा व्यवस्था समेत यातायात, मेडिकल, पेयजल आदि व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया।लाभुकों की सुविधा पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गयी।





आपको बता दें कि सरकार नुक्कड़ नाटक का सहारा ले रही है। लोगों को उनकी ही भाषा में कार्यक्रम और उससे होने वाले लाभ की जानकारी मिल रही है और साथ ही विभिन्न योजनाओं से संबंधित पंपलेट लोगों के बीच वितरित किए जा रहे हैं। लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी करने के लिए जागरुकता रथ रवाना किया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जिलों में आयोजित शिविरों का निरीक्षण करेंगे।अभियान से सरकार की कई योजनाओं सावित्रीबाई फूले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, सर्वजन पेंशन योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, पोटो हो खेल विकास योजना, फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान, सोना सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजना, कंबल वितरण, छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाएगा।ये अभियान दो भागों में चलेगा।पहला अभियान 12 से 22 अक्तूबर तक और दूसरा एक से 14 नवंबर तक आयोजित होगा।