रांची।झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुसीबतें बढ़ सकती हैं।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने खनन मामले में हेमंत सोरेन को समन भेजा है।ईडी ने हेमंत सोरेन को कल साढ़े 11 बजे पूछताछ के लिए बुलाया है।ईडी को सीएम के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा के साहेबगंज स्थित आवास पर छापेमारी के दौरान एक लिफाफा मिला था।बताया जाता है कि इसमें सीएम सोरेन के बैंक खाते से जुड़ा चेकबुक था। दो चेकबुक में सीएम सोरेन की साइन मिलने की बात भी कही जा रही है।इसके अलावा प्रेम प्रकाश के हरमू स्थित आवास पर छापेमारी के दौरान ईडी को घर की आलमारी से दो एके-47 राइफल और 60 गोलियां मिली थी।ये हथियार जिन दो सुरक्षाकर्मियों के थे वे मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा में तैनात थे।





पंकज मिश्रा प्रकरण से मिले कई अहम सुराग





हाल ही में खुलासा हुआ कि न्यायिक हिरासत में रांची रिम्स में इलाज के दौरान पंकज मिश्रा लगातार अधिकारियों के संपर्क में था।सूत्रों के अनुसार जांच में ईडी को इस बात के पुख्ता सबूत मिले हैं कि पंकज मिश्रा सीएम सोरेन का नाम लेकर अधिकारियों को हड़काता था।ईडी ने साहिबगंज सहित अन्य जिलों में अवैध खनन और मनी लाउंड्रिंग के आरोपों में 19 जुलाई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा को गिरफ्तार किया था।पंकज पर अवैध खनन के जरिए 42 करोड़ रुपए की मनी लाउंड्रिंग का आरोप है।पंकज की गिरफ्तारी के पश्चात आधिकारिक बयान में ईडी ने बताया था कि राज्य में एक हजार करोड़ रुप‌ए से भी अधिक का अवैध खनन हुआ है।





बाबूलाल मरांडी और निशिकांत दुबे की प्रतिक्रिया





मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी द्वारा समन भेजे जाने की खबर सामने आते ही मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा के नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आने लगी है।गोड्डा से सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने खबर से जुड़ी अखबार की कटिंग शेयर करते हुए लिखा है कि अब क्या बचा। भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने भी ट्वीट करते हुए लिखा है कि भगवान श्री कृष्ण ने अहंकारी शिशुपाल की सौ ग़लतियों को माफ़ किया था।विधि का यही विधान है।जब पाप का घड़ा पूरी तरह से भर जाता है तब ऊपर वाले का चक्र चलता है। ये सीएम पर तंज की तरह देखा जा रहा है।





झारखंड में मनी लाउंड्रिंग के खिलाफ ईडी की कार्रवाई





आपको बता दें कि 6 मई 2022 को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पहली बार झारखंड की निलंबित खान एवं उद्योग सचिव आईएएस पूजा सिंघल सहित अन्य के कम से कम 25 ठिकानों पर छापेमारी की थी। तब निलंबित आईएएस पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा के सीए सुमन कुमार के घर और कार्यालय से 19 करोड़ रुपए से अधिक नगदी मिली थी। ईडी की जांच का सिलसिला आगे बढ़ा तो इसमें अवैध खनन का मामला भी सामने आया। 8 जुलाई को ईडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा सहित अन्य के साहिबगंज, मिर्चाचौकी, उधवा, बरहड़वा, बरहेट और राजमहल के 11 ठिकानों पर छापेमारी की। छापेमारी में 5 करोड़ रुपए से अधिक की नकदी बरामद हुई। अलग-अलग 37 बैंक खातों में जमा 11 करोड़ 37 लाख रुपए जमा होने का भी पता चला। ईडी ने जब मामले में चार्जशीट दाखिल की तो इसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा हस्ताक्षर किया हुआ चेकबुक मिलने की बात कही गई।