रांची।सीएमपीडीआई(मुख्यालय),रांची के निगमित सामाजिक दायित्व(सीएसआर)के तहत झारखंड की 50 महिला उम्मीदवारों को सामान्य कर्तव्य सहायता (जेनरल ड्यूटी एसीसटेंस) पर कौशल प्रशिक्षण परियोजना के लिए प्रयास जुवेनाइल ऐड सेंटर सोसाइटी के साथ 10.98 लाख रूपये की राशि के एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया। सीएमपीडीआई के महाप्रबंधक (एचआरडी/सीएसआर) आरके महापात्रो एवं प्रयास जुवेनाइल ऐड सेंटर सोसाइटी की कार्यपालक निदेशक इंदु रानी सिंह के बीच समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया गया।
इस परियोजना का उद्देश्य महिलाओं को गरीबी से निजात दिलाना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में सक्षम बनाना है। इस समझौता ज्ञापन के अंतर्गत सामान्य ड्यूटी सहायता प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिला उम्मीदवारों को बुनियादी नर्सिंग देखभाल और रोगियों के उपचार आदि के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये प्रशिक्षु अस्पतालों, वृद्धाश्रमों, रोगी के घरों, सामुदायिक देखभाल केंद्रों और मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों में काम कर सकते हैं।
इस अवसर पर सीएमपीडीआई की सीएसआर टीम और प्रयास जुवेनाइल ऐड सेंटर सोसाइटी की टीम उपस्थित थी। उक्त जानकारी महाप्रबंधक (टीएस/पीआर) संजय कुमार दुबे ने दी।





