प्रतिनिधि,जमशेदपुर।सीतारामडेरा थाना अंतर्गत पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां के घर के पास स्थित गली में सोमवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने मानगो गुरुद्वारा रोड निवासी अपराधी प्रदीप सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई।घटना के बाद घायल अवस्था में तत्काल उसे इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सीतारामडेरा बस स्टैंड की तरफ से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने बेंच पर बैठे प्रदीप सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी,जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर गया।प्रदीप को 8 गोली लगी है।एक सर में एक आंख के पास और बाकी शरीर में।दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर हुई हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि मृतक प्रदीप सिंह भी आपराधिक प्रवृत्ति का था। साथ ही पिछले दिनों मानगो थाना क्षेत्र से भारी मात्रा में बरामद हथियार के मामले में भी वह फरार चल रहा था। उक्त मामले में पुलिस उसकी तलाश में कर रही थी। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश वापस सीतारामडेरा बस स्टैंड की तरफ से ही फरार हो गए।
सूत्रों से पता चला है कि दो बदमाश बाइक से उतरकर कर प्रदीप सिंह पर गोली चला रहे थे। जबकि तीसरा बाइक स्टार्ट कर खड़ा हुआ था। आनन-फानन में ही घटना को अंजाम दिया गया है। मृतक प्रदीप सिंह शातिर अपराधी अमरनाथ सिंह के गिरोह का सदस्य बताया जा रहा है। वहीं सूचना पाकर वरीय पुलिस पदाधिकारी भी पहले घटनास्थल और फिर टीएमएच पहुंचे। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की जानकारी लेने के साथ साथ उसमें शामिल अपराधियों का पता लगाने में जुट गई है।





