प्रतिनिधि,जमशेदपुर।सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भुइयांडीह बल्ले कॉम्पलेक्स के पास सोमवार की दोपहर बाइक सवार दो बदमाशों ने टेंपो चालक से लूट की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान घटना का विरोध करने पर बदमाश अपनी बाइक घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और बाइक को जब्त कर थाना ले जाने लगी तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को बाइक ले जाने से रोक दिया। लोगों का कहना था कि बदमाश की बाइक बेचकर लूटे हुए रुपए वापस आएंगे। इस दौरान पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह बाइक थाने ले गई।
मामले में पीड़ित ने बताया कि वह टेंपो लेकर एग्रिको की ओर जा रहा था,तभी बल्ले कॉम्पलेक्स के पास बाइक के साथ खड़े दो युवकों ने हाथ देकर उसे रोका। उनके रुकते ही दोनों में से एक बदमाश ने जबर्दस्ती मारपीट कर उनके जेब से 5000 रुपए निकाल लिये। जबकि टेंपो चालक द्वारा विरोध करने पर आस-पास के लोग जमा हो गए। जिसके बाद दोनों बदमाश बाइक वहीं छोड़कर भाग खड़े हुए।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





