प्रतिनिधि,जमशेदपुर।सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भुइयांडीह लकड़ी टाल निवासी 24 वर्षीय विक्रम बाउरी नामक युवक शुक्रवार को अपने साथियों के साथ नहाने के लिए स्वर्णरेखा बर्निंग घाट गया था। इसी बीच वह गहरे पानी में डूब गया। घटना के समय उसके साथियों ने उसे बचाने की कोशिश भी की। मगर उसे बचा न सके। वहीं घटना के बाद गोताखोरों की टीम ने भी उसकी तलाश की। मगर कामयाबी नहीं मिली। वहीं युवक के डूबने की जानकारी पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों को बुलवाया और नदी में विक्रम की तलाश की। साथ ही घटना की जानकारी पाकर परिजन भी घाट पर पहुंचे। इस दौरान परिजन रोते बिलखते हुए नजर आए। फिलहाल अंधेरा हो जाने के कारण पुलिस युवक को तलाश नहीं पाई और पुनः शनिवार को गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश की जाएगी।