जमशेदपुर।शहर के अंचलाधिकारी अमित श्रीवास्तव अतिक्रमणकारियों के खिलाफ पूरी तरह से एक्शन में आ गए हैं। जिसके तहत शनिवार सूचना मिलने पर उन्होंने सुंदरनगर किंगडम हॉल के पास चल रहे अवैध निर्माण कार्य को ध्वस्त करवा दिया। साथ ही अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दोबारा निर्माण कार्य किया जाता है तो उनके खिलाफ विभाग की तरफ से कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। जबकि जानकारों का कहना है कि पूर्व में सुंदरनगर थाना प्रभारी अनुज कुमार ने सरकारी जमीन पर बांस बल्ली से किए हुए कब्जे को हटाया था। मगर फिर से उसी जगह पर तीन दिनों बाद ईंट की दीवार खड़ी कर दी गई।
अंचलाधिकारी के रूप में जब अमित कुमार श्रीवास्तव ने प्रभार संभाला था तो खासमहल में अवैध रूप से कब्जा करने का काम किया जा रहा था। उस समय 50 से ज्यादा लोगों ने बांस, बल्ली और तिरपाल से खासमहल की जमीन को कब्जा कर लिया था। जिसके बाद जिले के डीसी को मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा और अंततः जिला प्रशासन के सहयोग से मार्ग बंद कर अवैध कब्जा हटाया गया। साथ ही परसुडीह थाने में मामला भी दर्ज किया गया।
बताते चलें कि सुंदरनगर थाना क्षेत्र में 90 फीसदी घर सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर बनाई गई है और यह आज से नहीं बल्कि आजादी के पहले से ही चली आ रही है, जो आज भी बरकरार है। जब भी कोई विभागीय अधिकारी आते हैं तो उनके द्वारा कब्जा हटाया जाता है। मगर सिर्फ खानापूर्ति होने कारण के कारण ही आज सुंदरनगर सर्किट हाउस एरिया का रूप लेने लगा है। जबकि चौड़ी-चौड़ी सड़कों और ऊंची ऊंची इमारतों को देखकर लोगों को लगता है कि वे शहरी क्षेत्र में है, ग्रामीण में नहीं।





