लातेहार।झारखंड के लातेहार जिले के बूढ़ा पहाड़ इलाके में माओवादियों के खिलाफ अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है।सुरक्षा बलों ने माओवादियों के ठिकाने से भारी संख्या में हथियारों का जखीरा और गोला-बारूद बरामद किया है।





पुलिस के मुताबिक माओवादियों के बंकर से एक लाइट मशीन गन, एक इंसास और एक सेल्फ लोडिंग राइफल समेत 18 हथियारों के अलावा 200 से अधिक इम्प्रोवाइजड एक्सप्लोसिव डिवाइज (आईईडी) बरामद किए गए। यह हथियार पुलिस से लूटे गए थे। यह बंकर राजधानी रांची से लगभग 180 किलोमीटर दूर हैं।





डीआईजी रेंज पलामू राजकुमार लाकड़ा ने कहा कि बूढ़ा पहाड़ इलाके में कोबरा बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और झारखंड पुलिस की ओर से ऑक्टोपस नामक एक संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इस इलाके को माओवादियों का गढ़ माना जाता है।





डीआईजी लाकड़ा ने कहा कि रविवार को अभियान के दौरान हमने बूढ़ा पहाड़ इलाके में बंकरों से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। उन्होंने कहा कि 28 अक्टूबर से चट्टान पानी और जोक पानी पहाड़ी इलाके में विशेष अभियान चलाया जा रहा है और यह इलाका अब माओवादियों से लगभग मुक्त हो चुका है।





एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इस अभियान में पुलिस ने एलएमजी की चार मैगजीन, एक कार्बाइन, सात 303 राइफलें और उसकी 11 मैगजीन, नौ 315 राइफल, 876 गोलियां, 41 देशी ग्रेनेड और 213 आईईडी बरामद की हैं। पुलिस ने कहा कि सभी आईईडी नष्ट कर दिए गए हैं।