जमशेदपुर।बिष्टुपुर स्थित समाहरणालय सभागार में शनिवार को सेंट्रल पीस कमिटी के सदस्यों के साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में अपेक्षित सहयोग को लेकर जिला प्रशासन ने एक बैठक आयोजित की।उक्त बैठक में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर नंदकिशोर लाल, एसडीएम धालभूम पीयूष सिन्हा और उप निर्वाचन पदाधिकारी कानू राम नाग ने उपस्थित सदस्यों को बारी-बारी से फॉर्म संख्या 6, 7 व 8 की उपयोगिता की जानकारी देते हुए चुनाव में शत प्रतिशत मतदान के लिए छूटे हुए योग्य मतदाताओं के नाम का निबंधन, वोटर कार्ड से आधार लिंक करने समेत स्वच्छ मतदाता सूची के निर्माण में सहयोग मांगा।
इस दौरान 17 वर्ष की आयु पूरा कर चुके युवा मतदाता कैसे बन सकते हैं। एक से दूसरे विधानसभा में स्थान परिवर्तन होने पर मतदाता के वोटर कार्ड में आवश्यक संशोधन,नाम-पता में त्रुटि होने पर संशोधन, एक विधानसभा क्षेत्र में ही स्थान परिवर्तन करने पर आवश्यक सुधार तथा वोटर कार्ड से आधार लिंक कराने की प्रक्रिया क्या होगी।इसपर विस्तार से जानकारी भी दी गई। वहीं एडीएम लॉ एंड ऑर्डर ने कहा कि वोटर कार्ड से आधार लिंक कराने में शहरी क्षेत्र के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्र के मतदाता ज्यादा जागरूकता का परिचय दे रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के सभी 4 विधानसभा में 80 फीसदी से ज्यादा मतदाताओं के आधार नंबर वोटर कार्ड से लिंक किए जा चुके हैं। जबकि शहरी क्षेत्र में यह आंकड़ा मात्र 40 से 50 फीसदी के बीच है। इस दौरान सेंट्रल पीस कमिटी के सदस्यों से अपील भी की गई है कि शहरी क्षेत्र में अपने स्तर पर आसपड़ोस व अपने स्वजनों के बीच 9 नवंबर से 8 दिसंबर तक चलाए जा रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाएं। ताकि स्वच्छ मतदाता सूची का निर्माण किया जा सके।
पदाधिकारियों ने बताया कि जिनका जन्म 1 अक्टूबर 2005 के पूर्व हुई है, या 17 वर्ष से अधिक एवं आयोग से प्राप्त अर्हता तिथि 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2023 में से किसी भी तिथि में 18 वर्ष का आयु प्राप्त कर लेंगे, उन सभी युवाओं का नाम फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज किया जा सकता है। अगर किसी की मृत्यु हो गई है तो फॉर्म 7 भरकर उनका नाम मतदाता सूची से हटाया जा सकता हैं। वहीं एनआरआई मतदाता के लिए फॉर्म 6 ए के माध्यम से नाम जोड़ा जा सकता है। किसी तरह के संशोधन के लिए फॉर्म 8 भरकर आवेदन भी कर सकते हैं। या फिर खुद से भी ऑनलाइन वोटर हेल्पलाइन एप या एनवीएसपी पोर्टल साइट पर आवेदन कर सकते हैं।





