रांची।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा मनी लाउंड्रिंग और अवैध खनन मामले में समन जारी किया गया है।सीएम सोरेन को समन जारी होने के बाद झारखंड में सियासी हलचल हिचकोले मार रही है। बुधवार को साहेबगंज में आयोजित आपकी योजना,आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में सीएम सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार के खिलाफ साजिश रची जा रही है।उनके राज्य के लोग इस साजिश का जवाब देंगे।वो ईडी के समन से बेफिक्र हैं।
ईडी की शक्ति दिखाना चाह रहे हैं
सीएम सोरेन ने कहा कि ईडी ने मुझे बुलाया है।मगर हम उनसे डरते नहीं हैं।सीएम ने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा वो यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि ईडी कितना शक्तिशाली है।वो यह दिखाना चाहते हैं कि अगर ईडी सोनिया गांधी और राहुल गांधी को बुला सकती है तो झारखंड के सीएम को क्यों नहीं बुला सकती।अगर उन्हें लगता है कि वे हमारी छवि खराब कर सकते हैं, तो वे भ्रमित हैं। वो हमारी छवि खराब करने के लिए साजिश रच रहे हैं।
आदिवासी सीएम को किया जा रहा परेशान
सीएम सोरेन ने ट्वीट करते हुए लिखा कि संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर राज्य के आदिवासी सीएम को कैसे परेशान किया जाए यही विपक्ष की सोच है। सीएम ने आगे लिखा है कि मुझे परेशान करने की कोशिश के पीछे एक ही उद्देश्य है कि दलित, आदिवासी, पिछड़ा और अल्पसंख्यक को हक न मिले। जब राज्य के करोड़ों जन मानस का साथ हो तो इनकी कोई साजिश काम नहीं आएगी।
सरकार को अस्थिर करने की साजिश
सीएम सोरेन ने कहा कि मुझे तब तक कोई डर नहीं है जबतक झारखंड के लोग मेरे साथ हैं।सीएम ने कहा राज्य की युवा लड़कियां और आदिवासी समाज के युवा लड़के इस साजिश का जवाब देंगे।वरिष्ठ नागरिक, विधवा और दिव्यांग जिनको हमारी सरकार पेंशन देती है वो इस साजिश का जवाब देंगे। सीएम ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह एक आदिवासी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को अस्थिर करने की साजिश है।
सभा को संबोधित करते हुए सीएम सोरेन ने कहा कि यह सिर्फ आपके मुख्यमंत्री को काम करने से रोकने के लिए किया गया है,लेकिन आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है, हम सब उन्हें इसका जवाब देंगे। सीएम ने कहा कि इस साजिश के पीछे एकमात्र कारण एक आदिवासी के नेतृत्व वाली सरकार को अस्थिर करना है क्योंकि मैं आदिवासी, दलितों और अल्पसंख्यकों के उत्थान के लिए काम कर रहा हूं।





