प्रतिनिधि,दुमका। स्व0 सिंहासन कुमारी स्मृति पुरस्कार ग्रामीण क्षेत्र के बालिकाओं को उच्च एवं उत्कृष्ट शिक्षा ग्रहण करने के लिए उत्साहवर्धन करेगा, उक्त उदगार उपायुक्त दुमका रविशंकर शुक्ला (भा0 प्र0 से0) ने स्व0 सिंहासन कुमारी स्मृति कोष के माध्यम से दुमका जिला के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के माध्यमिक बोर्ड परीक्षा 2023 में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली चार छात्राओं को सम्मानित करने पर व्यक्त की।
झारखंड शिक्षा परियोजना के पूर्व जिला जेंडर कॉर्डिनेटर स्व0 सिंहासन कुमारी के स्मृति में उपायुक्त दुमका रविशंकर शुक्ला(भा0 प्र0 से0) के करकमलों से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सरैयाहाट की छात्रा सुलेना कुमारी, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सरैयाहाट की छात्रा साक्षी कुमारी एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय शिकारीपाड़ा की दो छात्राअंजू मंडल एवं कोयल मंडल को स्व0 सिंहासन कुमारी के परिवार द्वारा स्थापित स्व0 सिंहासन कुमारी समृति कोष के माध्यम से पुरस्कार के रूप में क्रमशः दस हजार रुपये,आठ हजार रुपये एवं तीन-तीन हजार रुपये का चेक एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित कराया गया।
स्व0 सिंहासन कुमारी स्मृति कोष के माध्यम से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के बालिकाओं को चेक एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित करने पर हर्ष व्यक्त करते हुए उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने कहा कि स्व0 सिंहासन कुमारी स्मृति पुरस्कार ग्रामीण क्षेत्र के बालिकाओं को उत्कृष्ट उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए उत्साहवर्धन करेगा।
उपायुक्त दुमका रविशंकर ने कहा कि अगर बालिकाओं को पारिवारिक एवं सामाजिक सकारात्मक सहयोग मिले तो बालिकाएं भी आत्मनिर्भर बनकर जीवन मे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकती हैं। बालिकाएं आज सेवा के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है, जरूरत है उनको मानसिक एवं आर्थिक सपोर्ट कर उत्कृष्ट उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित करने की।
मेधावी छात्राओं को सम्मानित करने के उपरांत उपायुक्त रविशंकर ने उनको उत्कृष्ट उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित करते हुए नजर आए। उपायुक्त ने चारो छात्राओं से आगे की पढ़ाई के बारे में जानकारी ली एवं उनको उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए मार्गदर्शन करते हुए नजर आए।उपायुक्त ने कहा कि स्व0 सिंहासन कुमारी का बालिका शिक्षा एवं साक्षरता अभियान को बढ़ावा देने में उत्कृष्ट योगदान रहा है।स्व0 सिंहासन कुमारी के परिवार द्वारा उनकी स्मृति में कोष बनाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मानित कर उनके उत्थान के लिए जो प्रशंसनीय कार्य किया जा रहा है वह हमारे समाज के लिए प्रेरणादायी है। परिवार एवं समाज मे अगर इस तरह के सकरात्मक सोच वाले व्यक्ति रहेंगे तो बालिकाओं को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने में काफी सहयोग मिलेगा।
मौके पर उपस्थित सिंहासन कुमारी के पति हरिश्चंद्र चौधरी ने कहा कि स्व0 सिंहासन कुमारी का पूरा जीवन शैक्षणिक उत्थान, खासकर बालिका शिक्षा और साक्षरता अभियान के लिए समर्पित था। स्व0 सिंहासन कुमारी स्मृति कोष के माध्यम से बालिकाओं को सम्मानित करना परिवार द्वारा उनके सम्मान में छोटा सा प्रयास है। हरिश्चंद्र चौधरी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष सिंहासन कुमारी स्मृति कोष के माध्यम से बालिकाओं एवं महिलाओं को पुरष्कृत कर उनकी प्रतिभा को सम्मानित किया जाता है। मौके पर हरिश्चंद्र चौधरी, विजय कुमार दूबे एवं अशोक कुमार मौजूद थे।





