हजारीबाग।झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने वाहन लूटने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लुटेरों के पास से लूटी गई एक पिकअप और उसपर लदा सामान भी बरामद किया हैं।
हजारीबाग पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चौथे ने रविवार को मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि गिरफ्तार अपराधियों मे बिहार के गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र स्थित अमकौल निवासी विक्रम कुमार, मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र स्थित बिंदवाड़ा निवासी अजय कुमार सिंह, झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र स्थित मीरपुर निवासी राजा कुरैशी उर्फ सरफराज कुरैशी और गंगटा निवासी एहसान अहमद शामिल हैं।
एसपी ने बताया कि धनबाद से कूरियर का सामान लेकर पटना जा रही पिकअप को चौपारण घाटी में 29 मई की रात में लूट लिया गया था। पिकअप पर होंडा कंपनी के पार्ट्स, मधु बैंगल्स और एंकर कंपनी के पार्ट्स सहित अन्य सामान लदा हुआ था।लूट की घटना की सूचना मिलते ही एफआईआर दर्ज कर बरही एसडीपीओ के नेतृत्व में एक छापूमारी टीम बनाई गई। इसमें बरही इंस्पेक्टर रोहित कुमार, बरही थाना प्रभारी नीरज कुमार सिंह और चौपारण थाना प्रभारी को शामिल किया गया। टीम ने छापेमारी कर गया के विष्णुपद चांद चौरा से सामान सहित लूटी गई पिकअप बरामद कर लुटेरों को दबोच लिया। इस घटना में शामिल एक अन्य अपराधी अभी भी गिरफ्त से बाहर है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी पूर्व में भी सड़क लूट के आरोप में जेल जा चुके हैं। जेल से बाहर आने के बाद वे फिर अपराध करने लगे थे। एसपी ने उम्मीद जताई कि अपराधियों की गिरफ्तारी से चौपारण घाटी में लूट की घटनाएं रूकेंगी।





