प्रतिनिधि,चौपारण,हजारीबाग। चौपारण के वरिष्ठ हिंदुस्तान समाचार के पत्रकार डी मुन्ना का निधन रविवार को दिल्ली में हो गया था।डी मुन्ना लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। अपने स्वास्थ्य के नियमित जांच के लिए वे दिल्ली गए थे।जहां रविवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।चिकित्सकों ने प्रयास किया, लेकिन नियति को टाला नहीं जा सका अंततः डी मुन्ना चिर निद्रा में सो गए।सोमवार को डी मुन्ना का शव एंबुलेंस से चौपारण लाया गया।मंगलवार को डी मुन्ना के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार स्थानीय श्मशान घाट में किया गया।
डी मुन्ना की मृत्यु की खबर जंगल में लगी आग की तरह पूरे जिले में फैल गई। संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। क्षेत्र के पत्रकारों में शोक की लहर दौड़ गई।डी मुन्ना के निधन पर राजनीतिज्ञ,सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकार समेत कई गणमान्य लोगों ने अपनी संवेदना व्यक्त की। वास्तव में पत्रकारिता के क्षेत्र में एक शून्यता सी आ गई।
लोकसभा प्रत्याशी मनीष जायसवाल डी मुन्ना के परिजनों से की मुलाकात
हजारीबाग लोकसभा के भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी मनीष जायसवाल पत्रकार डी मुन्ना के निधन की खबर सुनकर उनके परिजनों से मिलने के लिए उनके आवास पहुंचे। मनीष जायसवाल पूर्व विधायक मनोज कुमार यादव और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ डी मुन्ना के परिजनों से मुलाकात कर उनके निधन के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की और परिजनों को हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया।
विदित हो कि दिवंगत पत्रकार डी मुन्ना अपने पीछे भरा पुरा परिवार छोड़ गए हैं।डी मुन्ना के निधन से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपुराणिय क्षति हुई है। अंतिम संस्कार में राजनीतिज्ञ, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।





