हेमंत सरकार 1932 खतियान आधारित नियोजन नीति लागू करे तो आजसू डुमरी में प्रत्याशी नहीं देगी: सीपी चौधरी





आजसू पार्टी की स्थापना दिवस को संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया





पूसू प्रतिनिधि,गिरिडीह। आजसू कार्यकर्ताओं ने पार्टी की 37वां स्थापना दिवस को संकल्प दिवस के रूप में गुरूवार को जिले के इसरी बाजार स्थित मंगलम वाटिका में मनाया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में गिरिडीह सांसद चन्द्र प्रकाश चौधरी मौजूद थे।कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा एवं बिनोद बिहारी महतो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।





अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गुड्डू यादव व संचालन प्रखंड अध्यक्ष सतीश महतो ने किया।वक्ताओं ने आजसू के गठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।इस दौरान डुमरी उपचुनाव को लेकर चर्चा की गई।वहीं राज्य सरकार को सिर्फ घोषणा की सरकार करार देते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।वहीं संगठनात्मक मजबूती पर भी चर्चा हुई।





उपस्थित कार्यकर्ताओं से सांसद ने कहा कि राज्य सरकार सिर्फ घोषणा कर लोगों को बरगलाने का काम कर रही है।कहा कि सरकार ने चुनाव पूर्व जितनी भी घोषणा की उसे लागू करने में पिछे हट रही है, जिससे आमजनों में निराशा और युवाओं में आक्रोश है।कहा कि झामुमो के कुछ लोग मेरे पास आये थे और उपचुनाव में कोई प्रत्याशी आजसू की ओर से नहीं देने का आग्रह किये और कहा कि यही दिवंगत शिक्षामंत्री जगरनाथ महतो की सच्ची श्रद्धांजलि होगी,जिसके जवाब में मैनें कहा कि हेमंत सरकार 1932 खतियान आधारित नियोजन नीति लागू कर दे तो आजसू उपचुनाव में प्रत्याशी नहीं देगी।कहा कि अगर झामुमो दिवंगत जगरनाथ महतो को सच्ची श्रद्धांजलि देना चाहती है तो वह 1932 खतियान आधारित नियोजन नीति लागू करे।





कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष गुड्डू यादव,जिला प्रधान सचिव छक्कन महतो,विधानसभा प्रभारी यशोदा देवी,जिप सदस्य प्रदीप मंडल,बैजनाथ महतो,अनुप पांडेय,टिकैत महतो,अलाउद्दीन अंसारी आदि ने भी संबोधित करते हुए संकल्प दिवस के औचित्य पर प्रकाश डाला।इस दौरान सुनील महतो,धर्मेन्द्र यादव,फलजीत महतो,पिंटू कुमार,अशोक यादव,दुलारचंद महतो सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।