जमशेदपुर। झारखंड राज्य के मौजूदा हेमंत सोरेन सरकार की जन विरोधी नीतियों पूरे राज्य में व्याप्त भय,भ्रष्टाचार, तृष्टिकरण की राजनीति,हत्या,अत्याचार,बालू पत्थर की लूट और झूठ समेत अन्य मुद्दों को लेकर शुक्रवार भारतीय जनता पार्टी कदमा मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह के नेतृत्व में जोरदार तरीके से जन आक्रोश रैली निकाली गई।इस दौरान हेमंत सोरेन मुर्दाबाद व बन्ना गुप्ता मुर्दाबाद के नारे भी लगाए जा रहा थे। साथ ही हेमंत हटाओ, झारखंड बचाओ का जोरदार नारा लगाया जा रहा था। रैली में सैकड़ों की संख्या में पुरुषों के साथ-सथ महिलाएं भी शामिल थीं।





रैली रंकिनी मंदिर चौक से शुरू होकर साकची स्थित आम बगान मैदान पहुंची। जहां राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास और जयंत सिन्हा ने रैली का प्रतिनिधित्व किया। शहर के कोने-कोने से रैली निकाली गई थी और जो आम बगान मैदान में एकत्रित होकर जुलूस की शक्ल में एक साथ पैदल यात्रा कर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन भी किया। वहीं रैली को देखते हुए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।





प्रदर्शन के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने कहा कि मौजूदा हेमंत सरकार में भ्रष्टाचारियों का बोलबाला है और अपराध अपनी चरम सीमा पर है। सरकार अपने वोट बैंक के लिए तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। पूर्ववर्ती सरकार में जो नक्सली और अपराधी बिल में घुस चुके थे, वे हेमंत सरकार में फिर से सक्रिय हो गए हैं। गर्मी तो गर्मी ठंड में भी बिजली की आंख मिचौली चल रही है। बालू और पत्थर की लूट मची हुई है। इस सरकार में राज्य की बेटियां तक सुरक्षित नहीं है। और तो और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य की जनता से झूठे वादे करते भी नहीं थकते। भलाई के नाम पर आम जनता और आदिवासियों को ठगा जा रहा है। ऐसे मुख्यमंत्री को पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है और उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। जन आक्रोश रैली में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।