पूसू प्रतिनिधि,गिरिडीह। होली और चुनाव को लेकर सोमवार को पपराटांड़ स्थित न्यू समाहरणालय के एसपी कार्यालय में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। मीटिंग के दौरान एसपी दीपक कुमार शर्मा ने सभी एसडीपीओ और थाना प्रभारियों को शराब तस्करी को लेकर खास ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि इंटर डिस्ट्रिक्ट स्तर पर जिले के सभी चेक पोस्ट पर निगरानी करने की जरूरत है। हर वाहनों की जांच करने का निर्देश दिया गया। वहीं चुनाव को देखते हुए एसपी ने कहा कि दो लाख तक में छूट है,लेकिन इससे अधिक कैश होने पर उसे सीज कर लिया जाये। कहा कि इसके लिए हर थाना प्रभारी आईटी का सहारा ले और बगैर जांच के नगद को तत्काल मुक्त करने पर सख्त पाबंदी भी लगाने का सुझाव दिया।
इस दौरान एसपी ने होली के पर्व को ध्यान में रखते हुए इलाके में गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया। जबकि असामजिक तत्वों पर भी नजर रखने की बात कही। क्राइम मीटिंग में एसपी ने महिला हिंसा से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया।
मीटिंग में एसडीपीओ सुमित प्रसाद,एसडीपीओ बिनोद रवानी, डीएसपी अंबिका राय, एसडीपीओ धनंजय राम, साइबर डीएसपी आबिद खान, प्रशिक्षु डीएसपी नीलम कुजूर, कैलाश महतो समेत कई थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी शामिल थे।





