लखनऊ।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के होने वाले मतदान से एक दिन पहले बुधवार को कांग्रेस ने भी अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय पर उन्नति विधान नामक ये घोषणा पत्र जारी किया है।कांग्रेस के इस घोषणा पत्र में किसान और बेरोजगार के लिए कई घोषणाएं की गयी हैं। कांग्रेस इससे पहले युवाओं के लिए भर्ती विधान घोषणा पत्र और महिलाओं के लिए शक्ति विधान घोषणा पत्र जारी कर चुकी है।मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी अपना घोषणा पत्र जारी कर चुके हैं।

प्रियंका ने उन्नति विधान जन घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि हमने आम लोगों के सुझावों को इसमें शामिल किया है। अन्य पार्टियों की तरह दूसरे दलों की घोषणाओं को नहीं शामिल किया गया है।आज की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी और महंगाई है। इसे लेकर कई घोषणाएं की गई हैं।यूपी में कांग्रेस की सरकार बनी तो दस दिनों के भीतर किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा।

प्रियंका ने यूपी में चुनाव प्रचार के दौरान इस्तेमाल की जा रही भाषा पर कहा कि कोई कहता है, गर्मी निकाल देंगे, कोई कहता है चर्बी निकाल देंगे। अगर निकालना है तो भर्ती निकालिए। बेरोजगारी इतनी ज्यादा है। इस पर कोई बात नहीं कर रहा है। यह कांग्रेस का तीसरा घोषणा पत्र है। इसके पहले कांग्रेस ने महिलाओं के लिए शक्ति विधान, युवाओं के लिए भर्ती विधान और अब अंतिम घोषणा पत्र 'उन्नति विधान' जारी किया है।

कांग्रेस ने की ये घोषणाएं

सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 40 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा।

किसानों का कर्जा 10 दिन में माफ किया जाएगा।

बिजली बिल हाफ किया जाएगा।

20 लाख सरकारी नौकरियां देंगे। 12 लाख पद खाली हैं जिसे भाजपा ने नहीं भरा है। हम आठ लाख नौकरियां और देंगे।

10 लाख रुपये तक के इलाज की मुफ्त व्यवस्था करेंगे।

आवारा पशुओं से नुकसान होने पर 3000 रुपये मुआवजा दिया जाएगा।

दो रुपये में गोबर खरीदा जाएगा। जैसा कि छत्तीसगढ़ में किया जा रहा है।

छोटे व्यापारियों की मदद करेंगे और लघु उद्योगों को और मजबूत बनाएंगे।

संविदा नियुक्ति बंद की जाएगी।

संविदाकर्मियों का नियमितीकरण किया जाएगा। आउटसोर्सिंग बंद की जाएगी।

झुग्गी में रहने वाले को भूमि अधिकार दिया जाएगा।

ग्राम प्रधानों का वेतन 5 हजार व चौकीदारों का वेतन भी बढ़ाया जाएगा।

कोरोना महामारी के दौरान जान गंवाने वाले योद्घाओं के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा।

शिक्षामित्रों का नियमितीकरण व मानदेय वृद्घि की जाएगी।

अनुसूचित जातियों व जनजातियों के बच्चों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।

सच्चाई लिखने वाले और दिखाने वाले पत्रकारों से मुकदमें खत्म किए जाएंगे।

महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती उनके अपने जिले में की जाएगी।

किसानों व बुनकरों के लिए विधान परिषद में आरक्षण।

मध्यम वर्ग के लोगों के आवास के लिए किफायती दर पर जमीन उपलब्ध करवाएंगे।

शिक्षकों के दो लाख खाली पड़े पद भरे जाएंगे।

दिव्यांगों के लिए 3000 रुपये पेंशन और अनुदान देंगे।

इस मौके पर कांग्रेस की घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष सलमान खुर्शीद ने कहा कि हम अब तक दो घोषणा पत्र जारी कर चुके हैं, जिसमें से पहला महिलाओं के लिए और दूसरा युवाओं के लिए था। अब हम तीसरा और अंतिम घोषणा पत्र जारी कर रहे हैं। इसके लिए हमने करीब एक लाख लोगों से बात की जिनकी आकांक्षाओं को इसमें शामिल किया गया है। हमने समाज के हर वर्ग से बात की और यह जन घोषणा पत्र तैयार किया है। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, सुप्रिया श्रीनेत, आराधना मिश्रा मोना व कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।