पटना:

बिहार के मुख्यमंत्री और राज्य के गृहमंत्री सम्राट चौधरी के कानून-व्यवस्था को लेकर दिए गए एक बयान पर प्रदेश की राजनीति गर्मा गई है। राज्य में अपराध और क्राइम की स्थिति पर अपनी बात रखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का एक बयान सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया, जिसमें उन्होंने कहा कि "बिहार में अपराध नहीं है, क्राइम है।"

उनके इस बयान के सामने आते ही जहाँ विपक्ष ने जोरदार हमला बोला, वहीं राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव और जन सुराज पार्टी ने भी चुटकी ली। इस बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री के बयान का बचाव करते हुए उनका समर्थन किया है।

चिराग पासवान का समर्थन: 'गृहमंत्री हैं, यकीनन आंकड़े होंगे'

पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री के बयान को सही ठहराया। उन्होंने कहा:

"वे गृहमंत्री हैं, हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं, यकीनन उनके पास आंकड़े होंगे… और एक बिहारी होने के नाते मैं तो यह मानना ही चाहूँगा कि बिहार से क्राइम, अपराध, अपराधी सब समाप्त हों और बिहार एक सुरक्षित राज्य बने।"

'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' और निवेश पर जोर

अपनी दूरदर्शिता का जिक्र करते हुए चिराग पासवान ने आगे कहा कि बिहार को विकास की राह पर ले जाने के लिए सुरक्षा की भावना का होना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा:

"हम 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' की सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं। अगर हमारा राज्य पूरे विश्वास के साथ सुरक्षा का माहौल दे पाएगा, तो और ज्यादा निवेशक बिहार आएँगे। आज की तारीख में निवेश (Invesment) के लिए बिहार से बेहतर शायद ही कोई जगह होगी। ऐसे में अगर हम अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण पा लें, तो उनकी (सम्राट चौधरी) सोच यकीनन स्पष्ट रही है—अपराध को समाप्त करने के प्रति। इसलिए मैं मानूँगा कि उनकी बात बिल्कुल सही है।"

इसे भी पढ़ेंः एकनाथ शिंदे की शिवसेना को मिला ₹139.92 करोड़ का चंदा, उद्धव और राज ठाकरे से 51 गुना आगे

रोहिणी आचार्य का तीखा हमला: 'सुशासन का नया मॉडल'

दूसरी ओर, लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का वीडियो शेयर करते हुए उन पर तीखा हमला बोला।

रोहिणी आचार्य ने तंज कसते हुए लिखा:

"बिहार में अपराध नहीं है, Crime है… बिहार के मुख्यमंत्री का यह ज्ञान सुनकर तो अपराधी भी हैरान हैं। यह सुशासन का नया मॉडल है—हिंदी में अपराध नहीं है, अंग्रेजी में Crime बेशुमार है… जैसे मुख्यमंत्री 'अनपढ़' नहीं, 'Illiterate' हैं..."

बिहार में कानून-व्यवस्था और सुशासन के दावों के बीच नेताओं के इस बयानी तीर ने राज्य का सियासी पारा पूरी तरह चढ़ा दिया है।

#ChiragPaswan #SamratChoudhary #BiharNews #BiharPolitics #RohiniAcharya #TejashwiYadav #BiharCrimeNews #PatnaNews #NDABihar #JanSuraj