उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले की सबसे संवेदनशील गोसाईगंज विधानसभा है।इस विधानसभा में 2 बाहुबलियों के बीच वर्चस्व की जंग ने सियासी माहौल को जबरदस्त गरम कर रखा है।सियासी माहौल गरम होने का सबसे बड़ा कारण उत्तर प्रदेश की मौजूदा सियासत है।गोसाईगंज विधानसभा अब प्रदेश में सुर्खियों में छाई हुई है।महराजगंज थाना क्षेत्र में पूर्व सपा विधायक बाहुबली अभय सिंह व भाजपा नेता विकास सिंह समर्थकों के बीच शुक्रवार रात हुई भिड़ंत मामले में महराजगंज पुलिस ने विकास सिंह की शिकायत पर अभय सिंह समेत उनके अज्ञात समर्थको पर बलवा जानलेवा हमले सहित गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनको गिरफ्तार भी कर लिया है।

उत्तर प्रदेश में बड़े बाहुबलियों में शुमार अभय सिंह गोसाईगंज विधानसभा से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हैं।अयोध्या जिले के बड़े बाहुबलियों में शुमार इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ खब्बू तिवारी की पत्नी आरती तिवारी विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं।आरती अभय सिंह की प्रतिद्वंदी हैं।बाहुबलियों के बीच वर्चस्व की जंग वजह से गोसाईगंज विधानसभा प्रदेश में सुर्खियों में छाई है।बीते दिनों इनके बीच भिड़ंत हुई थी।शुक्रवार को एक बार फिर इनके बीच भिड़ंत हुई।इस भिड़ंत में गोलियां तड़तड़ाई और तोड़फोड़ भी की गयी।पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए सपा प्रत्याशी अभय सिंह को शनिवार की सुबह लगभग चार बजे गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक गोसाईगंज विधानसभा में 2 बाहुबलियों के बीच राजनीतिक वर्चस्व कायम करने को लेकर शुक्रवार की रात लगभग 9 बजे महराजगंज थाना क्षेत्र के नेव कबीरपुर चोराहे के पास भिड़ंत हो गई।भिड़ंत उस समय हुई जब समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अभय सिंह और भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी आरती तिवारी के समर्थक विकास सिंह का काफिला आमने-सामने आ गया।आमने-सामने आते ही एक दूसरे के काफिले पर पथराव शुरू हो गया और देखते ही देखते गोलियां तड़तड़ाना शुरू हो गयी।घटना के बाद महाराजगंज थाने पर भी पथराव किया गया। घटना की जानकारी के बाद पीएसी को तैनात करना पड़ा। सूचना पाकर एसएसपी शैलेश पांडेय समेत जिले के आला अफसर भी मौके पर पहुंच गए।

सपा प्रत्याशी बाहुबली अभय सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके काफिले पर जनसंपर्क के दौरान भाजपा उम्मीदवार आरती तिवारी के समर्थकों ने फायरिंग और पथराव किया। इस हमले में वह और उनके लोग बाल-बाल बच गए। अभय सिंह ने पुलिस पर भी मामले को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया है,तो वहीं भाजपा प्रत्याशी आरती तिवारी के समर्थक विकास सिंह ने भी आरोप लगाया है कि नेव कबीरपुर चौराहे पर वो चुनाव प्रचार कर रहे थे।उनके साथ चार से पांच गाड़ियां ही थीं।इस बीच उनकी गाड़ियों पर सपा प्रत्याशी अभय सिंह के लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। पथराव के दौरान फायरिंग भी की गई।विकास सिंह ने आरोप लगाया है कि सपा प्रत्याशी अभय सिंह खुद फायरिंग कर रहे थे।बैरहाल ये कोई पहली बार नहीं है।पहले भी विकास सिंह और अभय सिंह के बीच 2 बार वर्चस्व को लेकर विवाद हो चुका है।

इस घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग महाराजगंज थाने पहुंच कर एक दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए तहरीर दी।इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच फिर से भिडंत शुरू हो गयी और थाने पर पत्थरबाजी की गई।सूचना पाकर एसएसपी शैलेश पांडेय समेत कई आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को भांपते हुए पीएसी तैनात की।

आपको बता दें कि 2012 में अभय सिंह सपा के टिकट पर गोसाईंगज विधानसभा के विधायक बने थे। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और अपना दल के गठबंधन प्रत्याशी इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ खब्बू तिवारी ने अभय सिंह को पराजित किया था। इस बार विधानसभा चुनाव में एक बार फिर दोनों आमने सामने हैं।धोखाधड़ी के एक मामले में इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ खब्बू तिवारी जिला कारागार में बंद हैं। खब्बू तिवारी की जगह भाजपा के टिकट पर पत्नी आरती तिवारी चुनाव लड़ रही हैं।

सपा प्रत्याशी अभय सिंह ने उत्तर प्रदेश की अलग-अलग जेलों में काफी समय बिताया है।चुनावी हलफनामे में अभय सिंह पर गंभीर धाराओं में दर्ज 10 मुकदमों का जिक्र किया गया है। धोखाधड़ी के मामले में अयोध्या की एमपी/एमएलए कोर्ट से सजा होने के बाद खब्बू तिवारी अपनी विधानसभा सदस्यता पूरी नहीं कर पाए और चुनाव के पहले ही विधानसभा से निलंबित हो गए।इन दोनों बाहुबलियों के बीच की जंग को लेकर पुलिस और प्रशासन बेहद चौकस है। वहीं दोनों गुटों के बीच भिड़ंत की हुई घटना गांव गली चौराहों चाय की दुकानों पर चर्चा का विषय बनी हुई है,लेकिन इस प्रकरण में अभी कोई कुछ बोलने को तैयार नही है।

एसएसपी शैलेश पांडेय के अनुसार, चुनाव प्रचार के दौरान दोनों पार्टियां आमने-सामने आ गईं। इस दौरान पथराव की घटना में कुछ गाड़ियों के शीशे टूटे और फायरिंग होने का भी आरोप लगयाा गया है। कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं। इस घटना को लेकर दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी तहरीर दी है, जिसके बाद पूरे मामले की जांच की जा रही है।