लखनऊ।उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में आसाराम द्वारा यौन उत्पीड़न के मामले में पीड़िता के परिवार को जिंदा जलाने की धमकी दी गई है।धमकी के बाद से पूरा परिवार डरा सहमा है।आसाराम के गुर्गे ने बेखौफ होकर पीड़िता के घर पहुंचा और पीड़िता के पिता को धमकी भरा पत्र दिया।बैरहाल सीसीटीवी कैमरे में गुर्गा कैद हो गया है। गोंडा में आसाराम बापू के आश्रम में कार के अंदर मिले लड़की के शव को पीड़िता के पिता ने बड़ी साजिश बताया है।पीड़िता के पिता ने राष्ट्रीय स्तर की जांच एजेंसी से जांच की मांग की है।

गोंडा जिले में आसाराम के आश्रम में खड़ी कार के अंदर से लड़की का शव मिलने के बाद अब शाहजहांपुर की रहने वाली पीड़िता के पिता ने परिवार को जिंदा जलाने वाली धमकी की बात शनिवार को मीडिया को बताई है।पीड़िता के पिता ने कहा कि बीते माह 21 मार्च मैनपुरी का रहने वाला आसाराम का गुर्गा राम सिंह यादव उनके घर आया और जमकर हंगामा किया। बाद में वो घर के बाहर रखी मेज पर एक पत्र छोड़ गया,और मुकदमे में पैरवी न करने की धमकी देकर चला गया।पत्र में बेटी के लिए बेहद अश्लील शब्दों का प्रयोग किया गया और साथ ही आसाराम की जमानत में पैरवी करने पर पूरे परिवार को जिंदा जलाने की धमकी दी गई है।आसाराम का गुर्गा मैनपुरी आश्रम का संचालक रह चुका है,जिसका धमकी वाला पत्र देते हुए वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।

पीड़िता के पिता ने बताया कि धमकी भरे पत्र की शिकायत कोतवाली में लिखित रूप से की है और सीसीटीवी फुटेज भी मुहैया कराया गया है,लेकिन इसके बाद भी सुरक्षा के नाम पर उन्हें कुछ भी नहीं मिला। कोई फरियाद नहीं सुन रहा है। पुलिस सुरक्षा के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर रही है।उन्होंने परिवार को बड़ा खतरा बताया है।इतना ही नहीं गोंडा में आसाराम के आश्रम के अंदर खड़ी हुई कार के अंदर मिले लड़की के शव को बड़ी साजिश बताया है।पीड़िता के पिता ने कहा है कि इसी तरह कई लोगों की हत्याएं आश्रम हो चुकी हैं।मामले में किसी बड़ी एजेंसी से जांच कराने की मांग की है।

इस मामले में शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने बताया कि पीड़िता की सुरक्षा के संबंध में स्थानीय अभिसूचना इकाई से वार्ता करके जरूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। आनंद ने कहा कि उन्हें पीड़िता के घर पर धमकी भरा पत्र प्राप्त होने की कोई जानकारी नहीं मिली है और यदि परिजन जानकारी उपलब्ध कराते हैं तो वह कड़ी कार्रवाई करेंगे।

आपको बता दें कि शाहजहांपुर की रहने वाली नाबालिग पीड़िता ने वर्ष 2013 में आसाराम पर रेप का आरोप लगाया था।इस मामले में अदालत ने 28 अप्रैल 2018 को आसाराम को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। तब से आसाराम जेल में बंद है।