झारखंड की राजधानी रांची में पहली बार उत्तर-दक्षिण संगीत समारोह का आयोजन शुरू होने जा रहा है।इस समारोह में देश के दक्षिण व उत्तर राज्यों के संगीत के दिग्गजों का जुटान होगा।रांची विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो स्टेशन रेडियो खांची 90.4 एफएम की ओर से यह आयोजन 12 मार्च को मोरहाबादी के आर्यभट्ट सभागार में होगा।ये संगीत समारोह पायनियर आर्ट्स एजुकेशनल सोसायटी, नई दिल्ली के सहयोग से किया जा रहा है। विश्वविद्यालय स्तर पर इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस लाइव कंसर्ट का रेडियो खांची के माध्यम से भी प्रसारण किया जाएगा।

इसके अंतर्गत भारतीय शास्त्रीय संगीत और कर्नाटक शास्त्रीय संगीत के प्रसिद्ध कलाकारों की युगलबंदी का आनंद संगीत प्रेमी उठा पाएंगे। समारोह में बांसुरीवादक पंडित रोनू मजूमदार व वायलिन वादक डॉ एम मंजुनाथ युगलबंदी प्रस्तुत करेंगे और साथ ही मृदंग वादक वी जयचंद्र राव व तबला वादक नरहरि भी प्रस्तुति देंगे। उत्तर दक्षिण संगीत समारोह पिछले 11 वर्षों से भारत के अलग-अलग शहरों में मनाया जाता है। उसका उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों में भारतीय संगीत के प्रति अभिरुचि के साथ उत्सुकता जगाना है। कार्यक्रम में संगीत विशेषज्ञ विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर भी देंगे। रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो कामिनी कुमार ने कहा कि कार्यक्रम में सरकार की ओर से जारी कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा।

एनएसयूआई प्रतिनिधिमंडल आरयू कुलपति से मिला

एनएसयूआई का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को रांची विश्वविध्यालय की कुलपति डॉ कामिनी कुमार से मिला। प्रदेश उपाध्यक्ष अनिकेत राज ने कुलपति को बताया कि डोरंडा कॉलेज स्नातक सत्र 2020-23 के सेमेस्टेर-1 की परीक्षा हो गई थी। लेकिन, परीक्षा शुल्क ऑनलाइन पेमेंट कैंसल हो जाने के कारण वहां के विद्यार्थियों को सेमेस्टर-2 का परीक्षा फॉर्म भरने नहीं दिया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने छात्रहित में सेमेस्टर-2 का परीक्षा फॉर्म भरने व विलंब शुल्क के साथ सेमेस्टर-1 का परीक्षा शुल्क जमा करने की अनुमति देने का आग्रह किया। कुलपति ने आश्वस्त किया कि परीक्षा नियंत्रक से वार्ता कर छात्रहित में उचित निर्णय लिया जाएगा।