मैनपुरी।उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार के थमने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को करहल विधानसभा में जनसभा की।इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं कल देख रहा था कि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अखिलेश यादव नामांकन के लिए करहल आए थे तब उन्होंने कहा अब दोबारा सर्टिफिकेट लेने के लिए आऊंगा,लेकिन एसपी सिंह बघेल ने उनको 5वें दिन ही यहां आने पर मजबूर कर दिया।उनकी स्थिति आसमान से टपके और खजूर पर अटके वाली हो गई है।

सीएम योगी ने करहल में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल पर हुए हमले को लेकर समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला बोला।उन्होंने कहा कि सपा के लोग बौखला गए हैं, वह आपा खो चुके हैं। एसपी सिंह बघेल पर हुआ हमला सपा की कायराना हरकत है, लेकिन चिंता करने की बात नहीं है।याद करना, हमने पांच के साल के अंदर सपा के सरंक्षण में पलने वाले पेशेवर गुंडे और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की है।

सीएम योगी ने कहा कि हमने बुलडोजर को मरम्मत के लिए भेज दिया है।जिन लोगों की ज्यादा गर्मी निकल रही है, वह 10 मार्च के बाद शांत हो जाएगी। हमने सुना है सपा के गुंडे भाजपा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को धमका रहे हैं। जनता 10 मार्च के बाद फिर से कानून का राज देखेगी।


सीएम योगी ने मुलायम सिंह यादव की जनसभा पर कहा कि नेताजी बहुत से दूर से आए। मुलायम सिंह जानते हैं कि करहल की जनता एसपी सिंह को जिताने का फैसला कर चुकी है।उन्होंने कहा कि शिवपाल प्रदेश के नेता थे।उनको बैठने को कुर्सी नहीं मिली और कुर्सी का हत्था बैठने को मिला। शिवपाल की दुर्गति कर दी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि मैनपुरी में पहली बार भाजपा चारों सीटें जीतेगी। भाजपा की डबल इंजन की सरकार को आमजन का अपार समर्थन मिल रहा है। इसके पीछे पीचे पांच की साधना है। भाजपा ने प्रदेश के बिना भेदभाव के विकास किया है।

आपको बता दें कि मैनपुरी जिले की चार विधानसभा सीटों में से एक करहल इन दिनों सुर्खियों में छाई है।करहल से एक तरफ सपा के मुखिया अखिलेश यादव चुनावी मैदान में हैं तो वही दूसरी तरफ भाजपा ने एसपी सिंह बघेल को प्रत्याशी बनाया है।भाजपा अखिलेश यादव को उनके गढ़ में ही घेरने में कोई कोर कसर नही छोड़ रही है।