रांची। कांग्रेस के पूर्व सांसद फुरकान अंसारी झारखंड के पूर्व कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह के खिलाफ प्रचार करने यूपी जाएंगे।फुरकान ने खुल कर कहा कि आरपीएन सिंह ने उनका लोकसभा चुनाव का टिकट काटा था, उन्हें वे कैसे छोड़ देंगे।उनके खिलाफ चुनाव प्रचार करेंगे और झारखंड से जो पैसे वे लेकर गए हैं, उसे वापस करने की मांग करेंगे।

फुरकान ने कहा कि आरपीएन सिंह को तो कार्यकर्ता बाद में जानते थे,वह तो उन्हें 2004 से जान रहे हैं। आरपीएन सिंह ने झारखंड में विधानसभा का टिकट बेचा था। उस दौरान वे प्रदेश के सह प्रभारी थे। बाद में उन्हें पद से हटाया गया, पर सीधे-साधे राहुल गांधी को झूठ बोलकर दोबारा प्रभारी का पद ले लिया। आरपीएन सिंह से तो सीधी लड़ाई उनकी होती थी। एक बार तो कहा था कि उनका बस चले, तो वे आरपीएन सिंह को ब्लॉक का अध्यक्ष तक नहीं बनने दें।

कांग्रेस विधायक डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि कांग्रेस के मंत्रियों के बदलने के अधिकार उनके हाथ में तो नहीं है, लेकिन वे ढाई-ढाई साल में मंत्री बदलने की मांग कर सकते हैं। पूर्व प्रभारी ने भी कहा था कि ढाई-ढाई साल में मंत्री बदले जाएंगे। वहीं, फुरकान अंसारी ने कहा कि सभी के कामकाज की समीक्षा होनी चाहिए। पहले कांग्रेस के चारों मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा हो और इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी पूछा जाना चाहिए।