रांची।शनिवार को कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल सिंह के राजधानी रांची आवास पर इनकम टैक्स ने लगातार दूसरे दिन भी छापेमारी की।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के तीन सप्ताह बाद ईडी के सामने पेश होने की मांग के बाद ये छापेमारी हुई है। बता दें कि ईडी ने सीएम हेमंत सोरेन को अवैध खनन पट्टा मामले में पूछताछ के लिए समन भेजा था जिस पर सोरेन ने ईडी के सामने उपस्थित होने के लिए तीन हफ्ते का समय मांगा है।
सिन्हा ने कहा-डरते हैं प्रधानमंत्री
4 नवंबर शुक्रवार को कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने भाजपा पर आरोप लगाया था कि भाजपा कांग्रेस और कांग्रेस के सपोर्टर्स से डरती है।सिन्हा ने आरोप लगाया कि मुझे लगता है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आजादी के बाद के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो कांग्रेस और उसके सहयोगियों से डरते हैं, और केंद्रीय एजेंसियों की सहायता से आवाज़ दबाने की कोशिश कर रहे हैं।
2029 तक रहेगी गठबंधन की सरकार-सिन्हा
कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल सिंह के रांची में घर पर इनकम टैक्स के छापे के बाद कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाते हुए कहा कि अभी कल मुख्यमंत्री को ईडी ने समन भेजा था और आज कांग्रेस विधायकों को टार्गेट किया जा रहा है, जो साबित करता है कि भाजपा एक झारखंड में एक लोकतांत्रिक सरकार को खत्म करना चाहती है, जिसमें वो कभी सफल नहीं हो सकते हैं।सिन्हा ने कहा कि झारखंड के लोग महागठबंधन सरकार के साथ हैं। 2029 तक यहां भाजपा सरकार नहीं बना सकती है।
भाजपा विधायक ने दिया जवाब
कांग्रेस प्रवक्ता के आरोपों पर जवाब देते हुए भाजपा विधायक सीपी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है जिसे देखकर विपक्ष घबराया हुआ है। सीपी सिंह ने विपक्ष को आड़े हाथो लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्वगुरु बनने की ओर बढ़ रहा है और लगातार विकास कर रहा है जिसे देख विपक्ष घबराया हुआ है।





