जौनपुर।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सातवें तथा अंतिम चरण के चुनाव वाले क्षेत्रों में पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने में पूरी ताकत के साथ जुटे हैं।पीएम मोदी गुरुवार को जौनपुर के टीडी कालेज में जनसभा को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की साथ ही भाजपा तथा अन्य पार्टियों के काम के तरीके से भी अवगत कराया।इस दौरान उनके निशाने पर विपक्ष रहा।



पीएम मोदी ने अपना संबोधन मां शीतला को प्रणाम कर करते हुए किया और कहा कि कहते हैं सुंगधित इत्र और जौनपुर के मित्र बड़ी किस्मत वालों को ही मिलते हैं।आज आप मित्र बनकर हमारा हौसला बढ़ाने आए हैं,हमारे साथियों को आशीर्वाद देने आए हैं।मैं आज गर्व के साथ कह सकता हूं कि जौनपुर ने भाजपा के साथ अपनी मित्रता को बखूबी निभाया है। अब तक के मतदान ने भाजपा, अपना दल और निषाद पार्टी की सरकार बनाना तय कर लिया है।आज छठे चरण में भी भाजपा के पक्ष में जमकर मतदान हो रहा है। ये विजय इसलिए जरूरी है क्योंकि उत्तर प्रदेश विकास के जिस पथ पर चल पड़ा है, उसे हमें अब थमने नहीं देना है।आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब पूर्वांचल के लोगों की आवाज दिल्ली से लेकर लखनऊ तक बड़ी मजबूती के साथ गूंज रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि घोर परिवारवादियों ने पूर्वांचल के लोगों को अपने हाल पर जीने के लिए छोड़ दिया था। घोर परिवारवादियों ने पूरी कोशिश की थी कि उत्तर प्रदेश जात-पात में बंट जाए,लेकिन यूपी के लोगों ने घोर परिवारवादियों की चालाकी को समझ लिया। आज यूपी एकजुट, एकमत खड़ा हो गया है।उन्होंने कहा कि भाजपा लम्बे समय से ही नीति,नीयत और निष्ठा पर काम करने वाली पार्टी है।भाजपा ने सबका साथ लेकर सभी का विकास किया। भाजपा की नीयत सबका साथ,सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास।भाजपा की नीति है जो भी योजनाएं बने वो हर लाभार्थी तक पहुंचे और बिना बिचौलिए के पहुंचे।भाजपा का हर काम निष्ठा वाला होता है,हम बिना किसी भी भेदभाव के योजनाओं को सभी तक पहुंचाते हैं। यही हमारी निष्ठा है।ये समय पूरी दुनिया के लिए आये दिन गंभीर चुनौतियों को लेकर आ रहा है। इस लिए आपका वोट इन चुनौतियों से निपटने के लिए भारत को मजबूत बना रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि माफियावादियों की नीयत क्या रही है, ये जौनपुर के लोग अच्छे से जानते हैं।याद कीजिए यहां के एक गांव में जिन लोगों पर दलित परिवारों के घर जलाने का आरोप हैं,उनको ये लोग आशीर्वाद दे रहे हैं। इसलिए दलित, गरीब, पिछड़े और हमारी बहनों को ऐसे लोगों से सतर्क रहना है।सरकार चलाने का इन माफियावादियों का तरीका रहा है। यूपी को लूटो,गरीबों के सपनों को कुचलो,इन्हें कभी आपका दर्द,आपकी तकलीफ, आपकी मुसीबत नजर नहीं आई।

पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना के मुश्किल समय में घोर परिवारवादी लोग कहां थे। घोर परिवारवादियों ने पूर्वांचल के लोगों को अपने हाल पर जीने पर छोड़ दिया था।उन्होंने क्या किया,ये यूपी के लोग कभी भी भूल नहीं सकते।ये लोग इस साजिश में जुटे थे कि भारत के टीके बदनाम कैसे किया जाए।ये लोग इस संकट को और गंभीर बनाने के लिए काम कर रहे थे। परिवारवादियों ने पूरी कोशिश की थी कि उत्तर प्रदेश जात-पात में बंट जाए, लेकिन यूपी के लोगों ने घोर परिवारवादियों की चालाकी को समझ लिया। आज यूपी एकजुट, एकमत खड़ा हो गया है।

आपको बता दें कि इस दौरान मंच पर योगी आदित्यनाथ,केन्द्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद, भाजपा सांसद बीपी सरोज,राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी के साथ जौनपुर जिले की सभी विधानसभा सीट के प्रत्याशी मौजूद रहे।सातवें और अंतिम चरण में नौ जिलों की 54 विधानसभा सीटें वाराणसी सहित सोनभद्र, मऊ, गाजीपुर, आजमगढ़, मीरजापुर, भदोही, चंदौली,जौनपुर में सात मार्च को मतदान होना है।