जमशेदपुर।कोल्हान में समानांतर सरकार चला कर शिक्षक और पुलिस के नाम पर बहाली का काम कर रहे कोल्हान गर्वमेंट ई स्टेट के समर्थको ने रविवार को चाईबासा में जमकर बवाल काटा। तीर-धनुष,तलवार और लाठी-डंडों से लैस होकर समर्थकों ने चाईबासा मुफस्सिल थाने को घेरकर पथराव शुरू कर दिया।जिसमें एसडीओ समेत 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।उग्र होती भीड़ को देख पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

थाने का घेराव कर रही भीड़ को सदर अनुमंडल पदाधिकारी शशिंद्र कुमार बड़ाइक और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप खलखो ने समझाने की कोशिश की तो भीड़ और उग्र हो गई।थाने पर तीर से हमला और पथराव शुरू कर दिया।हमले में सदर अनुमंडल पदाधिकारी,मुफस्सिल थाना प्रभारी समेत दस पुलिसकर्मी घायल हो गए।पुलिस जवान ब्रजभूषण मिश्रा के पेट में तीर लग गई, जिसे गंभीर हालत में जमशेदपुर के टीएमएच रेफर कर दिया गया। वहीं, अन्य घायल पुलिसकर्मियों का चाईबासा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटना के बाद 9 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि पहले से आठ लोग गिरफ्तार किए गए थे।

घायलों में एसडीओ शशिंद्र कुमार बड़ाईक, मुफस्सिल थाना प्रभारी पवन चंद्र पाठक, सअनि विजय कुमार द्धिवेदी, अर्जुन कुमार सिंह, सर्वदेव राय,छत्रधर कुमार, ब्रजभूषण मिश्रा, अगनु उरांव, सत्यवान सिंह मुंडा को उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया है।सभी को लाठी-डंडे, तीर, तलवार और पत्थर से चोट लगी है। बड़ाचीरू निवासी ग्रामीण मान सिंह बरदा को भी चोट लगने पर सदर अस्पताल लाया गया है।

भीड़ अपने गिरफ्तार साथियों को रिहा करने की मांग पर अड़ी थी।समझाने में भीड़ में शामिल लोग अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को गालियां दे रहे थे। दोपहर एक बजे से चल रहा विवाद अपराह्न 3.30 बजे के बाद उग्र हो गया। भीड़ ने पथराव शुरू करने के साथ पुलिसकर्मियों पर तीर व तलवार से हमला कर दिया।

पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। भीड़ में शामिल लोग कोल्हान को अलग राष्ट्र बताते हुए कह रहे थे कि कोल्हान झारखंड के अधीन नहीं है, पुलिस किसके परमिशन से लादुराबासा गांव पहुंची थी। गांव में पुलिस आए तो मुंडा से पूछकर आए।

पश्चिमी सिंहभूम जिले के एसपी अजय लिंडा ने बताया कि सूचना मिली थी कि चाईबासा कोल्हान गवर्नमेंट ई स्टेट के नाम पर फर्जी बहाली के लिए सदर प्रखंड के मुफस्सिल थाना क्षेत्र की कुर्सी पंचायत के लादुराबासा गांव के स्कूल में सुबह 7 बजे से एक दिवसीय प्रशिक्षण सह शैक्षणिक प्रमाण पत्र जांच कार्यक्रम किया जाना है।

एसपी ने बताया कि फर्जी बहाली से संबंधित विज्ञापन कोल्हान गवर्नमेंट ई स्टेट के नाम पर चम्पाय चंद्रशेखर डांगिल द्वारा दिया गया था। कार्यक्रम के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु अनुमंडल पदाधिकारी सदर तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक सदर अंचल, थाना प्रभारी मुफस्सिल, दंडाधिकारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी सशस्त्र बल, लाठी बल के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और कार्यक्रम को विफल कर वहां से काफी मात्रा में फर्जी नियुक्ति से संबंधित रजिस्टर एवं फाइल प्रिंटर, मॉनिटर, लैपटॉप एवं मोबाइल को जब्त कर लिया।

साथ ही कुछ व्यक्तियों को हिरासत में लेकर मुफस्सिल थाना लाया गया। इसके बाद दोपहर में करीब 200 लोगों ने परंपरागत हथियार से लैस होकर मुफस्सिल थाने का घेराव कर पथराव शुरू कर दिया। उसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस बल द्वारा हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज कर आंसू गैस छोड़े गए।

पथराव एवं भीड़ को तितर-बितर करने के दौरान कुछ पुलिसकर्मी तथा पथराव करनेवाले लोगों को चोटें लगीं, जिनका प्राथमिक उपचार सदर हॉस्पिटल चाईबासा में कराया जा रहा है। फिलहाल स्थिति सामान्य है तथा निगरानी रखी जा रही है।