मेरठ। शिवलोकपुरी में गुरुवार की सुबह शराब के लिए पैसे मांगने पर पति पत्नी में विवाद हो गया।महिला ने अपने पति को थप्पड़ जड़ दिया। पत्नी से मार खाए पति ने पत्नी पर पहले हथौड़े से वार किया और फिर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।महिला सरकारी स्कूल में शिक्षिका थी।हत्या करने के बाद आरोपी चाकू लेकर थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया।मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की जानकारी मिलने पर आस-पड़ोस के लोग दंग रह गए।





मिली जानकारी के अनुसार कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के शिवलोकपुरी में नत्थू सिंह सेवानिवृत वकील का परिवार रहता है।नत्थू सिंह के दो बेटे हैं।जिनमें देवेंद्र वर्मा अपनी पत्नी प्रतिमा वर्मा के साथ रहता है।प्रतिमा नानू स्थित सरकारी स्कूल में शिक्षिका थी।गुरुवार की सुबह देवेंद्र ने पत्नी से शराब के लिए पैसे मांगे।जिसको लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। प्रतिमा ने पति को शराब पीने से मना कर दिया।विवाद होने पर प्रतिमा ने पति देवेंद्र को थप्पड़ जड़ दिया।इसी एक थप्पड़ ने 13 साल की लव मैरिज को हत्या में बदल दिया।थप्पड़ से मार खाने के बाद गुस्साए देवेंद्र ने पत्नी पर ताबड़तोड़ हथौड़े से वार कर दिए और गला रेत कर हत्या कर दी।खून से सना चाकू व खून से लथपथ कपड़ों के साथ देवेंद्र कंकरखेड़ा थाने पहुंचा और पुलिस से कहा कि पत्नी की हत्या करके आया हूं। घर के बेडरूम में उसकी लाश पड़ी है।खून से लथपथ चाकू खून से सने कपड़े देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी देवेंद्र को हिरासत में लेकर चाकू कब्जे में ले लिया। पुलिस मृतका के घर पहुंची और घटना की जानकारी लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम में साक्ष्य जुटाए।





13 साल पहले श्रद्धा पुरी निवासी प्रतिमा और शिवलोक पुरी निवासी देवेंद्र में प्रेम प्रसंग था दोनों ने प्रेम विवाह किया और साथ जीने मरने की कसमें खाईं,लेकिन गुरुवार को 13 साल की प्रेम कहानी के सफर का दर्दनाक अंत हुआ।पति ने बेरहमी से पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के दौरान महिला प्रतिमा चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन देवेंद्र को उस पर रहम नहीं आया। वहीं शोर सुनकर लोग आरोपी के घर पर पहुंचे, लेकिन अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।जब आरोपी चाकू लेकर बाहर निकला तो आसपास रहने वाले पड़ोसी सहम उठे। घर का खर्चा प्रतिमा ही चलाती थी। प्रतिमा का 10 वर्ष का पुत्र आशु सरकारी स्कूल में पढ़ता है।





भाई ने लगाया दहेज हत्या का आरोप





प्रतिमा की हत्या की जानकारी मिलने पर उसके मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। भाई विशाल पुत्र ओमप्रकाश ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। विशाल ने बताया कि शादी के बाद से ही देवेंद्र व उसका पिता नत्थू सिंह उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे।





आरोप है कि पिता नत्थू सिंह के कहने पर देवेंद्र ने उसकी बहन की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी। विशाल ने आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है।