गाजियाबाद। स्कूलों में कोरोना के खतरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।कोरोना के मामलों में एक बार फिर वृद्धि दिख रही है।पूरी क्षमता के साथ स्कूल खुले हैं और इसका असर दिखना शुरू हो गया है। गाजियाबाद के दो स्कूलों में 24 घंटे के अंदर 5 बच्चे कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।संक्रमित बच्चों में तीन बच्चे केआर मंगलम स्कूल के हैं और दो बच्चे इंदिरापुरम के सेंट फ्रांसिस स्कूल के हैं।दोनों स्कूलों को एहतियातन बंद कर दिया गया है।

केआर मंगलम स्कूल में कोरोना के तीन नए केस मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने तत्काल स्कूल को बंद कर दिया है।इसके अलावा सेंट फ्रांसिस स्कूल को भी कोरोना के मामले सामने आने के बाद बंद कर दिया गया है। दोनों ही स्कूलों को सैनिटाइज करवाया गया। सेंट फ्रांसिस स्कूल 19 अप्रैल को स्कूल दोबारा खुलेगा।स्कूल प्रशासन के मुताबिक कोरोना संक्रमित पाई गई एक तीसरी क्लास की बच्ची ग्रेटर नोएडा वेस्ट की रहने वाली है,जबकि नौवीं क्लास का दूसरा बच्चा इंदिरापुरम का रहने वाला है।

वैशाली स्थित केआर मंगलम स्कूल के प्रशासन के मुताबिक स्कूल को 11 और 12 अप्रैल के लिए बंद कर दिया गया है।स्कूल और बसों को सैनिटाइज किया गया। बैरहाल केआर मंगलम स्कूल कब तक बंद रहेगा इस संबंध में कोई फैसला नहीं लिया गया है। मंगलवार शाम को आगे फैसला लिया जाएगा।

देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,30,34,217 हो गई।इसके आलावा उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 11,365 रह गई है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से मौत के 83 और मामले सामने आने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,21,656 हो गई है।देश में इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे।