पूसू प्रतिनिधि,गिरिडीह। गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 24 कोलडीहा, रहमत नगर समेत अन्य इलाकों में इन दिनों पानी समेत अन्य समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। शनिवार को इसकी जानकारी पूर्व पार्षद प्रतिनिधि और ग्रामीणों ने पत्रकारों को दी।





इस बाबत पूर्व वार्ड पार्षद प्रतिनिधि नुरुल होदा ने बताया कि 28 अप्रैल के बाद से इन क्षेत्रों में पानी की समस्या काफी बढ़ गई है।वहीं गंदगी का अंबार लगा हुआ है,जबकि रोड मरम्मती का काम भी पूरा नहीं किया गया।कहा कि नाली निर्माण कार्य अधूरा छोड़ देने से लोगों को परेशानी हो रही है। पूर्व वार्ड पार्षद प्रतिनिधि ने बताया कि जब से कार्यकाल खत्म हुआ है तब से इस ओर नगर निगम ने बिल्कुल ध्यान देना ही छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 24 से उनकी पत्नी वार्ड पार्षद थी।वार्ड पार्षद प्रतिनिधि के तौर पर समस्याओं को नगर निगम में आवेदन के माध्यम से मौखिक रूप से अवगत कराते थे, जिसके बाद कई हद तक समस्या का समाधान होता था, लेकिन 28 अप्रैल के बाद से निगम द्वारा इस ओर ध्यान देना तक बंद कर दिया गया है।





उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की महिला, पुरुष व बच्चे एक से डेढ़ किलोमीटर जाकर इस भीषण गर्मी में पानी लाने के लिए विवश हो रहे हैं।हम लोगों के साथ नगर निगम दुर्व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि कई बार नाली की साफ सफाई आधे अधूरे छोड़ दिए जाने,कामों को पूरा करने एवं पेय जल समस्या को लेकर नगर निगम के उप नगर आयुक्त के नाम और सिटी मैनेजर को आवेदन दिया जा चुका है,लेकिन इस पर आज तक ध्यान नहीं दिया गया है।कहा कि कॉल करने पर नंबर ब्लैक लिस्ट में डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि अधिकारी द्वारा एसी कमरे में बैठकर जनता को भीषण गर्मी में जैसी की तैसी हालत में छोड़ दिया है। उन्होंने उच्च अधिकारियों से मांग करते हुए कहा कि इसकी जांच कर जितने भी तरह की समस्या है, उनका समाधान किया जाए।