झारखंड में एक बार फिर शर्मसार करने वाली घटना घटी है। जहां गिरिडीह में भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के कोयरीडीह गांव में बुधवार को पंचायत में डायन-बिसाही का आरोप लगाते हुए एक महिला को उसके रिश्तेदारों ने पिटाई की। बेटी की पिटाई देखकर बचाने गए 55 वर्षीय पिता मंगरा मरांडी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।घटना में पीड़ित महिला और उसकी मां बड़की बासके भी घायल हो गई।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने सबको देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।जहां पर चिकित्सक ने मंगरा मरांडी को मृत घोषित कर दिया गया।वहीं मां बड़की बासके का प्राथमिक उपचार के बाद गिरिडीह रेफर कर दिया गया।परिजनों ने शव को भेलवाघाटी थाने पहुंचा दिया गया था।

पीड़िता ने बताया कि उसके देवर छोटका सोरेन द्वारा पिछले साल से डायन-बिसाही का आरोप लगाकर उसके साथ आए दिन मारपीट की जा रही थी। इसे लेकर मई 2021 में पंचायत भी हुई थी।पंचायत होने के बाद उसने मारपीट करना बंद कर दिया था।

पीड़िता ने बताया कि बुधवार को उसने फिर डायन-बिसाही का आरोप लगाते हुए उसे प्रताड़ित किया गया। इस बात पर ग्राम प्रधान की मौजूदगी में बुधवार को पंचायत की जा रही थी।अचानक पंचायत के दौरान ही उसके देवर ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसे बचाने पहुंचे उसके पिता मंगरा मरांडी को लाठी से पीट-पीटकर देवर ने हत्या कर दी। मां को भी पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

तिलकडीह पंचायत की मुखिया सीनी किस्कू ने बताया कि मामले की सूचना मिली है।भेलवाघाटी पुलिस से मामले में जांच पड़ताल कर उचित कार्रवाई करने की बात कही गई है। खोरीमहुआ एसडीपीओ मुकेश कुमार महतो ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। पीड़ित पक्ष द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। घटना में शामिल आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।