प्रतिनिधि,गोड्डा। व्यवहार न्यायालय गोड्डा परिसर स्थित गहन मध्यस्थता केन्द्र में मन का मिलन पखवाड़ा के अंतिम दिन पारिवारिक विवाद से संबंधित मामले में मध्यस्थता की गई। इस दाैरान उपस्थित दंपतियों व आम लोगों को डालसा की ओर से संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डा. प्रदीप कुमार ने कहा कि 29 मई से लेकर 14 जून 23 तक मन का मिलन पखवाड़ा का आयोजन किया गया। इस दौरान अनेक दंपतियों ने पुराने गिले- सिकवे को भुलाकर एक साथ रहने का संकल्प लिया।
इस पखवाड़ा के तहत मुकदमा होने पर व मुकदमा होने के पूर्व समझौता करने का अवसर दिया गया। परिवार न्यायालय में लंबित मामले में भी विशेष मध्यस्थता अभियान चलाया जा रहा है। पिछले तीन दिनों में 20 मामले का निपटारा किया गया है। सभी ने अपने -अपने अहम को त्यागकर एक साथ रहने का संकल्प दोहराया। कई ऐसे मुकदमे का भी निष्पादन हो गया जो वर्षों से लंबित थे। उन्होंने कहा कि मध्यस्थता के माध्यम से मामले का निशुल्क निष्पादन होता है। पारिवारिक मामले से संबंधित विवाद में अपने अंदर के अहम को त्यागने की जरुरत है। अपने अंदर के इंसान को जागृत करने की जरुरत है। मध्यस्थता से निष्पादित मामले में दोनों पक्षों के बीच जारी विवाद का सदा के लिए निपटारा हो जाता है। कोर्ट के आदेश के बावजूद अनुपालन कराने में भी बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए किसी बिचौलिया व साथी-संगी के बहकावे में नहीं आयें ओर ठंडे दिमाग से अहम को त्याग कर अपने पारिवारिक मामले का आपसी समझौता के माध्यम से सुलह करायें । यही समय की मांग है। इस अवसर पर पीएलवी नवीन कुमार, इंतेखाब आलम, पूजा रानी आदि उपस्थित थे।





