गोरखपुर।गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों पर हमले का आरोपी अहमद मुर्तुजा अब्बासी के करीबियों की तलाश में एटीएस ने ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है।इस क्रम में एटीएस ने कानपुर, संभल, दिल्ली, गोरखपुर, लखनऊ और सहारनपुर सहित सात जिलों में जबरदस्त छापेमारी की है।सूत्रों के मुताबिक एटीएस ने नोएडा से तीन, कानपुर, संभल, दिल्ली और गोरखपुर से दो और लखनऊ से एक युवक को हिरासत में लेकर युवकों से एटीएस की गहन पूछताछ जारी है।

कट्टरपंथियों के संपर्क में था मुर्तजा

अहमद मुतर्जा अब्बासी इंजीनियरिंग के दौरान कट्टरपंथियों के संपर्क में आ गया था।मुर्तजा के बैंक खाते की जांच में खाते में 20 लाख रुपए भी मिले हैं,लेकिन इस मामले में अभी अधिकारी कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं।नेपाल के बैंकों के जरिए सीरिया में भी रुपए भेजे गए थे।एटीएस ने अभी तक मुर्तुजा के मोबाइल से 40 से अधिक संदिग्धों की सूची भी बनाई है।एटीएस ने इन नंबरों के बारे में गहन जांच-पड़ताल भी शुरू कर दी है।

सीरिया के एक आतंकी संगठन से कनेक्शन की आशंका

गोरखनाथ मंदिर के मुख्य द्वार पर पीएसी के जवानों पर हुए हमले के तार सहारनपुर से भी जुड़े हो सकते हैं, लखनऊ एटीएस की जानकारी के आधार पर सहारनपुर एटीएस ने बुधवार को सहारनपुर के छुटमलपुर के एक युवक को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही है।सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार एटीएस लखनऊ को यह जानकारी मिली थी कि छुटमलपुर में मोबाइल की दुकान चलाने वाला हाफिज अब्दुल रहमान भी मुर्तजा के संपर्क में है, और दोनों एक साथ नेपाल भी गए थे।इतना ही नहीं दोनों का सीरिया के एक आतंकी संगठन से इनका संपर्क भी है।

कॉन्फ्रेंस के जरिए सीरिया में होती थी बात

अहमद मुर्तजा और हाफिज अब्दुल रहमान का संबंध पिछले 5 वर्षों से है।जानकारी मिली है कि मुर्तजा और हाफिज अब्दुल रहमान रोजाना 10 से ज्यादा बार आपस में फोन से बात भी करते थे।सूत्रों की माने तो ये दोनों रात 9 बजे के बाद सीरिया में कॉन्फ्रेंस पर किसी अन्य व्यक्ति से भी बात करते थे।सीडीआर के मुताबिक रहमान और मुर्तजा गोरखनाथ मंदिर में हुए घटने के दिन भी बातचीत की थी।

जल्द होंगे कई और खुलासे

एटीएस की छानबीन में ये भी सामने आया है कि ISIS के आतंकियों के प्रभाव में आकर मुर्तजा ने वर्ष 2012 से 2015 के बीच नेपाल के बैंक के जरिए बड़ी रकम सीरिया के कुछ खातों में ट्रांसफर की थी। इस तथ्यों की पड़ताल में एटीएस ने बैंक खातों की छानबीन में तेजी कर दी है।