प्रतिनिधि, हज़ारीबाग। कर्जन स्टेडियम अवस्थित बैडमिंटन इंडोर स्टेडियम भवन में खेल विभाग द्वारा अधिष्ठापित जिम का जिला खेल पदाधिकारी हजारीबाग उमेश कुमार सिन्हा द्वारा उद्घाटन किया गया। जिम का अधिष्ठापन आवासीय बालिका क्रीड़ा प्रशिक्षण केन्द्र के प्रशिक्षणरत कुल 50 प्रशिक्षुओं (25 एथलेटिक्स एवं 25 फुटबॉल) के खिलाड़ियों के फिटनेस को ध्यान में रखते हुए किया गया है।





ज्ञातव्य है कि इस प्रशिक्षण केन्द्र की खिलाड़ी अस्तम उरांव अंडर-17 वर्ल्डकप टीम की कैप्टन रह चुकी है तथा प्रीति लकड़ा राष्ट्रीय स्तर पर ट्रीपल जंप में गोल्ड मेडल प्राप्त कर चुकी है। इस जिम में अत्याधुनिक उपकरण की सुविधा उपलब्ध है। जिम के उद्घाटन के क्रम में इस प्रशिक्षण केन्द्र में प्रशिक्षणरत बालिकाएं काफ़ी उत्साहित नजर आई। जिम अधिष्ठापन हेतु खेल विभाग ने वर्ष 2021-22 में पंद्रह लाख रूपय की राशि उपलब्ध कराई थी।





उद्घाटन कार्यक्रम में जनसम्पर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, हॉकी प्रशिक्षक, कोलेश्वर गोप, संदीप खलखो, कुन्दन कुजूर, बैडमिंटन प्रशिक्षक अभिषेक कुमार कार्यालय के प्रधान लिपिक शेखर कुमार, संगणक संचालक विकास कुमार एवं खिलाड़ी गण उपस्थित थे।