प्रतिनिधि,चतरा। नक्सलवाद का मामला हो या शराब व अफीम तस्करी का।जिले के युवा व तेजतर्रार पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन की नजरों से छिप नहीं सकता। पुलिस अधीक्षक के नेतृव में जिले के सुदूरवर्ती इलाकों में लगातार कार्रवायियां की जा रही हैं और पुलिस टीम को लगातार सफलताएं मिल रही हैं। इसी कड़ी में बीते सोमवार को पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर वशिष्ठनगर थाना क्षेत्र की पुलिस ने डीएसपी(मु) केदारनाथ राम के नेतृव में गठित टीम ने एक बड़ी कार्रवाई में चतरा से गया की ओर जा रही जयमंगला नामक यात्री बस से एक किलो गीला अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। टीम में वशिष्ठनगर थाना प्रभारी गुलाम सरवर एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।





इस आशय की जानकारी देते हुए डीएसपी(मु) ने बताया कि पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी की गई। उन्होंने बताया कि टीम द्वारा जयमंगला बस को मोरैनवा टोल प्लाजा के पास रोक कर जांच की गई। जांच के क्रम में सदर थाना क्षेत्र के दरियातु गांव के अंगलेश कुमार दांगी (उम्र 27 वर्ष) पिता इन्द्रदेव दांगी एवम कृष्णा कुमार दांगी, (उम्र 25 वर्ष) पिता-भुनेश्वर दांगी को संदिग्ध स्थिति में पाये जाने पर उनके बदन की तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में अंगलेश कुमार दांगी के दोनों पैर में घुटना से नीचे एनकलेट लगाया हुआ पाया गया। जब एनकलेट को उतारा गया तो दोनो एनकलेट के अन्दर कुल 01 किग्रा अफीम बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार तस्करों द्वारा जानकारी दी गई कि उक्त दोनो लोगों ने लावालौंग थाना क्षेत्र में अफीम की खेती की थी तथा उसी से निकाला गया अफीम को डोभी (गया) लेकर बिक्री के लिए जा रहे थे। गिरफ्तार तस्करो के पास से नोकिया व वीवो का दो मोबाइल भी बरामद किया गया है। इस संबंध में बशिष्ठनगर थाना काण्ड सं0-31/2023 दिनांक- 12.06.2023 धारा 17 (बी) एनडीपीएस एक्ट दर्ज किया गया है। छापामारी दल में केदार नाथ राम, उपाधीक्षक (मु०),पु०अ०नि० सह थाना प्रभारी गुलाम सरवर, स०अ०नि० लक्षमण प्रसाद यादव,आठ-471 उमेश कुमार चौधरी,10-478 प्रकाश उरांव एवम आईआरबी-03 सैट-149 के जवान शामिल थे।