पूसू प्रतिनिधि,गिरिडीह। गिरिडीह में गावां थाना क्षेत्र के बादीडीह ग्राम के बगलासोत मंदिर में एक दिन पूर्व रात में चल रहे एक विवाह समारोह के दौरान मंडप से ही दुल्हन अचानक अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई,जिससे बारात लेकर पहुंचे वर पक्ष के लोगों को बगैर दुल्हन के ही बैरंग खाली हाथ लौटना पड़ा। घटना को लेकर चर्चा का बाजार गर्म है।





इस संबंध में बता दें कि गावां प्रखण्ड के बादीडीह गांव के एक युवक की शादी इसी प्रखण्ड के माल्डा में तय हुई थी। हिन्दू रीति रिवाज से शादी की तैयारी हुई और दोनो पक्षों की ओर से बादीडीह के बगलासोत शिव मंदिर में विवाह किये जाने की योजना बनी।ग्यारह जून की रात में लड़की पक्ष के लोग मंदिर परिसर में शादी के रस्म को पूरा कर रहे थे।





वर पक्ष के लोग बारात लेकर मंदिर परिसर पहुंचे।जहां उनका धूमधाम से स्वागत हुआ। इसके बाद घृतढारी की रस्म हुई, तब तक दुल्हन साथ थी। जयमाला की तैयारी जब होने लगी तो दुल्हन पांच मिनट में आने की बात कहकर कुछ देर के लिए किनारे हो गई। जब जयमाला के लिए दुल्हन को बुलाया जाने लगा तो वह गायब मिली।





बताया जाता है कि भीड़ से 300 मीटर दूर बाइक लगाकर एक लड़का हाथ मे दो हेलमेट लेकर आया था। अचानक दुल्हन लहंगा पहने बाहर निकली। उसके बाद हेलमेट पहन कर बाइक पर बैठी और चली गई।





मिली जानकारी के अनुसार लड़की रामगढ़ के एक युवक जो यहां टावर लाइन में काम करता था, उसके साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था,जिसके साथ वह फरार हुई। लड़की पक्ष के द्वारा थाना में इसकी लिखित सूचना दे दी गई।