रांची।राजधानी रांची में नववर्ष के स्वागत को लेकर उत्साह का माहौल है।होटलों, रेस्त्रां, लाउंज और क्लबों में नववर्ष की पार्टी की तैयारी पूरी हो चुकी है।बाहरी कलाकार कहीं अपने हुनर का जलवा बिखेरेंगे तो कहीं स्थानीय कलाकार लोगों को झुमाएंगे।खाने-पीने के मेन्यू से लेकर डीजे फ्लोर सब तैयार हैं।अहम बात ये है कि इस बार नववर्ष को लेकर हर जगह कोरोना गाइडलाइन को भी तरजीह दी जाने की बात आयोजकों द्वारा कही जा रही है।कहीं बिना वैक्सीनेशन लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है,तो कहीं डबल डोज लेने वालों को टिकटों पर छूट दी जा रही है।शुक्रवार शाम से ही इन जगहों पर नए साल के जश्न शुरू हो जाएगा और जो देर रात तक रहेगा। हंगर गार्डन में डीजे नाइट का आयोजन किया गया है। यहां डीजे अकाया परफॉर्म करेंगे। यहां भी कोविड नियमों का पालन किया जाएगा। बिना मास्क पहुंचने वालों को इंट्री नहीं मिलेगी और साथ ही वैक्सीन की दोनों डोज लेने वाले को ही प्रवेश दिया जाएगा।

रेडिसन ब्लू में नववर्ष के स्वागत में मास्करेड नाइट का आयोजन किया गया है, जिसमें मास्क व अन्य पार्टी प्रॉप्स लेागों को दिए जाएंगे। इसके साथ ही यहां नए साल का स्वागत वॉयलिन की धुन पर होगा। नववर्ष का जश्न रात 8 बजे से शुरू होगा। यहां गाला डिनर खास होगा, जिसमें इंडियन व इंटरनेशनल फूड आइटम्स सर्व किए जाएंगे। इसके साथ ही अनलिमिटेड फूड और बेवरेज की सुविधा होगी। इसमें कपल के लिए एंट्री चार्ज 9999 रुपये है। वहीं 12 वर्ष से नीचे के लिए 1900 रुपये, 12 वर्ष से ऊपर के लिए 5 हजार रुपये एंट्री चार्ज रखा गया है। वहीं, 6 साल से नीचे के बच्चों के लिए कोई एंट्री फी नहीं है। वैक्सीन की दोनों डोज लेने वालों को टिकट में 10 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है।

होटल ली लैक में नववर्ष के स्वागत में लेट्स रॉक 2022 इवेंट का आयोजन किया जाएगा।दिल्ली से आए डीजे केआर लोगों को डीजे की बीट पर थिरकने को मजबूर करेंगे। यहां नियोन थीम पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यहां भी रात 8 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। हालांकि इस बीच कोविड को देखते हुए 60 से 70 कपल को ही एंट्री दी जाएगी। लोगों को वैक्सीनेशन की दोनों डोज लेने वाले सर्टिफिकेट दिखाने के बाद एंट्री टिकट दिया जाएगा। कपल के लिए 5499 रुपये शुल्क रखा गया है। वहीं,1 से 6 साल तक के बच्चों के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। 7-12 वर्ष के बच्चों का 800 रुपये, 13-18 वर्ष तक के बच्चों का 1500 रुपये शुल्क लिया जाएगा।वहीं, होटल आर्या में नए साल पर न्यू ईयर बेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जिसमें सिंगर हरगुन कौर लोगों को अपने गानों पर झुमाएंगी। कार्यक्रम का आयोजन रात आठ बजे से होटल के रूफ टॉप एरिया में शुरू हो जाएगा। यहां इंट्री फीस 3 हजार रुपये रखी गई है। यहां वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट की बाध्यता तो नहीं खी गई है। लेकिन कोविड नियमों का पालन किया जाएगा। साथ ही बिना मास्क लोगों को इंट्री नहीं दी जाएगी।