रांची।राज्य में झारखंड बिजली वितरण निगम के लगभग 2.5 लाख उपभोक्ताओं के घर बिजली के मीटर नहीं लगे हैं।जेबीवीएनएल ने छह से आठ महीने में ऐसे सभी उपभोक्ताओं के घर अनिवार्य रूप से मीटर लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव सह झारखंड ऊर्जा विकास निगम के सीएमडी अविनाश कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी हाल में बिना मीटर के बिजली का उपयोग नहीं होना चाहिए।





दूसरी तरफ लगभग 1.5 लाख उपभोक्ताओं के मीटर या तो जल गये हैं या खराब हो ग‌ए हैं।इन उपभोक्ताओं के मीटर भी अगले आठ महीने के अंदर बदल कर न‌ए लगाए जाएंगे।चार लाख उपभोक्ताओं के घर न‌ए मीटर लगाये जाएंगे।राज्य में बिजली के उपभोक्ताओं की कुल संख्या 45.35 लाख हैं।इनमें घरेलू उपभोक्ताओं की संख्या 42.28 लाख है। शहरी उपभोक्ताओं की संख्या 9.93 लाख और ग्रामीण उपभोक्ताओं की संख्या 32.35 लाख है। बीपीएल उपभोक्ता 13.51 लाख हैं और बिजली किसान उपभोक्ता 60 हजार से अधिक हैं। इनमें बिना मीटर वाले उपभोक्ताओं की संख्या करीब 2.5 लाख आंकी गई है।बिना मीटर वाले उपभोक्ता राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक हैं। शहरी क्षेत्रों में इनकी संख्या काफी कम बताई गई है।





आपको बता दें कि अपने टैरिफ ऑर्डर के दौरान 2018 में झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग जेएसईआरसी ने जेबीवीएनएल को बिना मीटर वाले उपभोक्ताओं के घर मीटर लगाने का निर्देश दिया था। तब जेबीवीएनएल की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के 12 लाख बगैर मीटर वाले उपभोक्ताओं में से पांच लाख उपभोक्ताओं के घर मीटर नहीं लगे थे।अब इन उपभोक्ताओं की संख्या लगभग 2.5 लाख रह गई है।अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति न होने की वजह से जेएसईआरसी डिफंक है।पिछले दो साल से नया टैरिफ ऑर्डर भी नहीं आया है।





जेबीवीएनएल हर महीने लगभग 550 करोड़ रुपए की बिजली का वितरण कर रहा है,लेकिन इतने रुपए की वसूली नहीं हो पाती है।मीटर लगाना राजस्व वसूली के लिए बहुत जरूरी है।बैरहाल बिना मीटर वाले ग्रामीण उपभोक्ताओं से लगभग 250 रुपए हर महीने निश्चित शुल्क वसूला जाता है।शहरों में कनेक्शन लोड के आधार पर निश्चित शुल्क तय की गई है,लेकिन इससे बिजली के वास्तविक उपयोग का शुल्क नहीं वसूला जाता है।





महाप्रबंधक (सब ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क) विनय कुमार ने कहा कि बिना मीटर वाले सभी उपभोक्ताओं के घर अगले छह से आठ महीने में मीटर लगा लिया जाएगा। उपभोक्ताओं के घर मीटर निशुल्क लगाये जाएंगे।