झारखण्ड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन पहुंचे चतरा
मयूरहण्ड प्रखंड के करमा पंचायत सचिवालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में लिया हिस्सा कहा,किसी भी राज्यपाल का यह कर्तव्य होना चाहिए कि लोगों से संवाद कर योजनाओं के लाभ की जानकारी शासन तक पहुंचाए
प्रतिनिधि,चतरा। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत झारखण्ड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन मंगलवार को जिले के मयूरहण्ड प्रखण्ड के करमा पंचायत सचिवालय पहुंचे। राज्यपाल के आगमन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।तत्पश्चात झारखंडी परंपरागत नृत्य और गीत के साथ मंच पर आसीन कराया गया।
मंच पर उपायुक्त अबु इमरान ने राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को पौधा भेंटकर स्वागत करते हुए कहा कि जिला प्रशासन उनके आगमन पर आभार प्रकट करता है। साथ ही उपायुक्त ने मौके पर मौजूद विधायक किसुन कुमार दास की उपस्थित पर कृतज्ञता प्रकट किया। उपायुक्त इमरान ने राज्यपाल को जिला का संछिप्त परिचय देने के उपरांत जिला में किये गए विभिन्न कार्यों से अवगत कराया। उन्होंने शिक्षा, खेल, पर्यटन और अन्य क्षेत्रों में किये गए सभी कार्यों का उल्लेख किया।
जन संवाद कार्यक्रम के तहत मौजूद लोगों के विचारों से अवगत होने के उपरांत राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि किसी भी राज्यपाल का यह कर्तव्य होना चाहिए कि वे लोगों से संवाद कर योजनाओं के लाभ की जानकारी ले, ताकि शासन तक लोगों की बात को पहुंचाया जा सके। कहा कि इसी प्रायोजन के कारण उन्होंने जनता के बीच जाने का फैसला लिया,जिससे की लोगों को राजभवन तक आने का कष्ट न उठाना पड़े,बल्कि मैं आप सभी के बीच उपस्थित होकर वास्तविक स्थिति से अवगत हो सकूं। आगे उन्होंने कहा कि विकास के काम में कोई भी अवरोध नहीं होना चाहिए। करमा जैसे छोटे छोटे पंचायत, गांव विकसित होगा तो प्रखंड विकसित होगा। जब प्रखंड विकसित होगा तो जिला विकसित होगा और जब जिला विकसित होगा तो राज्य का विकास होगा और तभी देश का विकास होगा।
उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद आज जिले के लोगों को व्यापक सुविधाएं मिल रही हैं और अधोसंरचना विकास हुआ है। उन्होंने चतरा जिले में उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन योजना आदि संचालित योजनाओं का जिला में स्थिति का उल्लेख करते हुए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही अन्य सभी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए कहा।
इस मौके पर पंचायत सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल द्वारा विभिन्न योजनाओं से संबंधित परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। कल्याण विभाग के तहत एक लाभुक के बीच स्वीकृति पत्र वितरण किया गया। दो लाभुक के बीच शिक्षा विभाग के तहत नियुक्ति पत्र दिया गया। 123 स्वयं सहायता समूह की दीदियों को बैंक क्रेडिट लिंकेज के तहत 1.2 करोड़ का चेक वितरण किया गया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत एक लाभुक को गृह प्रवेश हेतु चाभी प्रदान की गई। मनरेगा के तहत दो लाभुकों को जाबकार्ड दिया गया। भूमि संरक्षण के तहत एक सखी मंडल को 5 लाख का चेक दिया गया। परिवहन विभाग अंतर्गत गुड समार्टियन पॉलिसी के तहत एक लाभुक को प्रशस्ति पत्र दिया गया। सहकारिता विभाग एक सहकारिता समिति को निबंधन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। जिला समाज कल्याण अंतर्गत 3 लाभुकों को सावित्री फुले किशोरी समृद्धि योजना, 2 लाभुकों को कन्यादान योजना तथा 3 लाभुकों को ट्राईसाइकिल देकर दिव्यांग योजना से लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में कूवें में डूबते बच्चे को अदम्य साहस का परिचय देते हुए बचाने के लिए काजल कुमारी पिता पचन भुइयां को सम्मानित करते हुए वीरता प्रशस्ति पत्र दिया गया।
मौके पर पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष गुप्ता, अपर समाहर्ता पवन कुमार मंडल, चतरा के अनुमंडल पदाधिकारी मुमताज अंसारी समेत अन्य सभी पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।





