लखनऊ।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बाद बढ़ते प्रदूषण का असर न सिर्फ नोएडा में नजर आने लगा है,बल्कि अब उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ भी इसके चपेट में है।राजधानी की हवा की गुणवत्ता में लगातार हो रही गिरावट गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है।ज़हरीली हवा ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। राजधानी में तालकटोरा और लालबाग को रेड जोन घोषित किया गया है।





नोएडा में 529 दर्ज किया गया AQI





राजधानी लखनऊ के दो इलाकों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) गंभीर स्थिति में पहुंच चुका है। राजधानी का AQI दिल्ली के इलाकों के आसपास पहुंच गया है।वहीं दिल्ली एनसीआर के नोएडा और गुरुग्राम में आज शनिवार सुबह 7 बजे AQI क्रमशः 529 और 478 दर्ज किया गया है।दिल्ली में हवा की गुणवत्ता शनिवार को लगातार तीसरे दिन गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई।





एयर क्वालिटी इंडेक्स को समझें





आपको‌ बता दें कि एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 0 से 100 तक अच्छा माना जाता है, जबकि 100 से 200 तक मध्यम, 200 से 300 तक खराब माना जाता है।इसके अलावा 300 से 400 तक इसे बहुत खराब और 400 से 500 या इससे ऊपर के स्तर पर गंभीर माना जाता है।बढ़ते प्रदूषण की वजह से दम घुटने और आंखों में जलन की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं।





गौतमबुद्ध नगर में बढ़ते प्रदूषण के कारण स्कूल बंद





गौतमबुद्ध नगर में बढ़ते हुए प्रदूषण के कारण 1 से 8वीं तक के सभी स्कूलों में 8 नवंबर तक ऑनलाइन क्लास संचालित हो रही हैं।डीएम ने आदेश जारी करते हुए लिखा है कि एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण से जनपद में संचालित समस्त बोर्ड के विद्यालय में कक्षा एक से आठवीं तक के क्लासेस 8 नवंबर 2022 तक अनिवार्य रूप से ऑनलाइन संचालित होंगी। 9 से 12वीं तक की कक्षाएं भी यथासंभव ऑनलाइन संचालित की जाएं।साथ ही सभी विद्यालयों में अग्रिम आदेशों तक आउटडोर गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी।आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराएं।