धनबाद।झारखंड के धनबाद-रांची समेत कई जिलों में मौसम अपने मिजाज को एक बार फिर से बदलेगा। 16 फरवरी बुधवार को बारिश के साथ बज्रपात भी होगा। इससे बचाव के लिए अलर्ट जारी किया गया है।इस महीने में चौथी बार बारिश का प्रभाव झारखंड में देखने को मिलेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी रांची समेत राज्य के बोकारो, गढ़वा, पलामू, देवघर, धनबाद, दुमका आदि जिलों में 16 फरवरी को बारिश होने की संभावना है। 16 फरवरी को राज्य के उत्तरी और मध्य भागों में वज्रपात के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।बारिश होते ही एक बार फिर से ठंड बढ़ेगी।फरवरी महीने में इतने लंबे समय तक काफी सालों के बाद ठंड का असर दिखाई दे रहा है।सोमवार को ठंड से राहत दिखी।धूप निकलने से लोग फुल स्वेटर छोड़ हाफ स्वेटर पहनकर घरों से निकलने लगे।

धनबाद में बारिश की वजह से 16 फरवरी से ठंड भी बढ़ेगी। पिछले दो दिनों से ठंड से राहत महसूस कर रहे धनबाद के लोगों को एक बार फिर से ठंड का सामना करना पड़ेगा। बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में 4-5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। धनबाद का न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री तक पहुंचेगा।